दरभंगा

राज्यस्तरीय बालिका बैडमिंटन में पटना प्रमंडल का जलवा, अंडर-14 और अंडर-19 डबल्स का खिताब किया अपने नाम

अंडर-17 में मगध प्रमण्डल और बिहार एकलव्य के बीच होगा खिताबी मुकाबला

मंगलवार को अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 के एकल वर्ग के सभी फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे

 

दरभंगा, 02 नवम्बर, 2026:- खेल विभाग बिहार सरकार पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय दरभंगा में आयोजित राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को विभिन्न आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

 

प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न प्रमंडलों से पहुंची बालिका खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और जुझारूपन का प्रदर्शन किया।

दूसरे दिन पटना प्रमंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 और अंडर-19 दोनों आयु वर्गों के डबल्स मुकाबलों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

 

अंडर-19 डबल्स वर्ग के फाइनल मुकाबले में पटना प्रमंडल की ईशा कुमारी और गरिमा श्री की जोड़ी ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए दरभंगा की सौम्या चौधरी और भव्या चौधरी की जोड़ी को सीधे सेटों में 15-5 और 15-8 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया।

 

वहीं, अंडर-14 बालिका डबल्स वर्ग के फाइनल मुकाबले में भी पटना प्रमंडल की टीम ने दरभंगा प्रमंडल को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

 

पटना प्रमंडल की गार्गी आर्या और ज्ञानवी सिंह की जोड़ी ने दरभंगा प्रमंडल की आराध्या सिंह और अर्पणा कुमारी की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस प्रकार पटना प्रमंडल ने दोनों आयु वर्गों के डबल्स मुकाबलों में अपना दबदबा कायम रखते हुए दोहरी सफलता हासिल की।

 

दूसरी ओर, अंडर-17 वर्ग में मगध प्रमंडल और बिहार एकलव्य की टीम ने फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

 

मंगलवार को होंगे एकल वर्ग के सभी फाइनल मुकाबले जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि मंगलवार को अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के एकल मुकाबलों के सभी फाइनल खेले जाएंगे।

 

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ी जिस तरह जुझारूपन, अनुशासन और अंतिम क्षण तक संघर्ष करने की भावना के साथ अपने खेल हुनर का प्रदर्शन कर रही हैं, वह काफी उत्साहजनक है।

 

उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से निकलने वाली चैंपियन खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करेंगी। इस तरह की प्रतियोगिताएं बालिकाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।

 

खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए चिकित्सा टीम मुस्तैद प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की चिकित्सा टीम आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं के साथ मुस्तैद है।

 

राज्यस्तरीय इस प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ियों का उत्साह और शानदार प्रदर्शन खेल प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *