नगरीय चार्ज एवं ग्रामीण अपर चार्ज अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया और दायित्वों की दी गई विस्तृत जानकारी
समयबद्धता, निष्पक्षता एवं पूरी सजगता के साथ जनगणना कार्य संपन्न कराने का आह्वान
दरभंगा, 02 नवंबर 2026 :- जिला परिषद सभागार में भारत की जनगणना-2027 (द्वितीय चरण) को लेकर नगरीय चार्ज अधिकारियों एवं ग्रामीण अपर चार्ज अधिकारियों के दूसरे बैच का आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी श्री देव नारायण महतो ने अधिकारियों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए पूरी सजगता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर जनगणना कार्य संपन्न करने का आह्वान किया।
इस दौरान पटना से आए प्रशिक्षक श्री रोहित कुमार एवं श्री अमिताभ कुमार ने अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली एवं संबंधित जिम्मेदारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन अधिकारियों द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों एवं संशयों का भी समाधान किया गया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी श्री देव नारायण महतो ने सभी प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए जनगणना संबंधी दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की।


