
कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद बिहार आगमन पर नितिन नवीन को सांसद ने किया सम्मानित
दरभंगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मंत्री, नितिन नवीन के पहली बार बिहार आगमन पर दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में पार्टी सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर ने उन्हें मखान माला तथा पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया एवं उनके सफल कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएं दी। भाजपा सांसद डॉ ठाकुर ने बिहार वासियों की ओर से नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा नितिन नवीन का भाजपा के इतने बड़े सर्वोच्च पद पर बनाया जाना न केवल भारतीय जनता पार्टी के संगठन में युवाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है बल्कि राष्ट्रीय संगठन में युवाओं की भागीदारी को भी स्पष्ट करता है। सांसद ने नितिन नवीन के व्यक्तित्व की जमकर सराहना करते हुए कहा कि बिहार सरकार के मंत्री से लेकर विभिन्न राज्यों के प्रभारी के रूप में इनकी प्रखरता से बीजेपी के सभी कार्यकर्ता परिचित हैं और इनके नेतृत्व में संगठन को ऐतिहासिक मजबूती मिलना तय है।