राष्ट्रीय

बंगाल में मेडिकल कॉलेज की छात्रा से सामूहिक बलात्कार के मामले में तीन लोग गिरफ्तार

डेस्क :पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ ‘सामूहिक बलात्कार’ में संलिप्तता के आरोप में रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान अभी उजागर नहीं की है। पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। यह एक बेहद संवेदनशील मामला है और हम आगे की जानकारी बाद में देंगे।’’

पुलिस ने शनिवार को बताया था कि ओडिशा की एक मेडिकल छात्रा के साथ दुर्गापुर में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। यह घटना शुक्रवार रात दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर उस समय हुई जब द्वितीय वर्ष की छात्रा अपने एक दोस्त के साथ रात का भोजन करने के लिए बाहर गई थी।

पीड़िता का अस्पताल में इलाज हो रहा है और उसने पुलिस को अपना बयान दे दिया है। इस घटना के बाद सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *