खेल भवन स्थित बज्रगृह एवं मतगणना स्थल का किया निरीक्षण, संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का दिया निर्देश
दरभंगा, 21 अक्टूबर 2026:-बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतगणना को लेकर की जा रही तैयारियों के क्रम में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने खेल भवन स्थित बज्रगृह एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मतगणना कार्य के सुचारु, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए की जा रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतगणना स्थल पर उपलब्ध स्थान, मतगणना कक्षों की व्यवस्था, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया।
उन्होंने मतगणना के दिन प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों के आवागमन को सुव्यवस्थित रखने तथा मतगणना से संबंधित सभी कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतगणना के उपरांत मतपेटिकाओं की प्राप्ति एवं जमा करने की प्रक्रिया के लिए निर्धारित रिसीविंग काउंटर के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिया कि मतपेटिकाओं के संग्रहण एवं प्राप्ति की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नियंत्रण कक्ष का गठन करने तथा संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने का निर्देश दिया, ताकि मतगणना के उपरांत मतपेटिकाओं की प्राप्ति एवं संग्रहण के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने रिसीविंग काउंटर पर आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने पर विशेष बल दिया।
मतगणना स्थल पर यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित मार्गों का स्पष्ट निर्धारण किया जाए। यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वाहनों के प्रवेश एवं निकास की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत वाहनों के प्रवेश के लिए निर्धारित मार्ग का उपयोग किया जाएगा, जबकि निकास की व्यवस्था पोलो मैदान की ओर से रखने की योजना है।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना के दिन यातायात का संचालन इस प्रकार किया जाए, जिससे अनावश्यक भीड़, जाम एवं आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त माइक्रो ऑब्जर्वर एवं अन्य कर्मियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित सहायक अभियंताओं को दूरभाष, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में कार्य प्रभावित नहीं हो, इसके लिए जनरेटर की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने पुलिस बल के लिए अलग टेंट की व्यवस्था करने, आवश्यकतानुसार शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने तथा मतगणना स्थल पर कार्यरत सभी कर्मियों के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतगणना के दिन बनाए जाने वाले टेबलों की संख्या तथा मतगणना कार्य के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से मतगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्व जांच कर ली जाए तथा संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता के साथ करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना कार्य से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ससमय पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का समय पर पूरा होना जरूरी है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


