नवगठित नगर निकायों के परिधीय क्षेत्रों, वार्डों की सूची एवं सड़कों के वर्गीकरण को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को दिए निर्देश
दरभंगा, 21 अक्टूबर 2026:-आज कार्यालय कक्ष में समाहर्ता-सह-जिला निबंधन पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला मूल्यांकन समिति, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग (निबंधन), बिहार के निर्देशों के आलोक में राज्यभर में भूमि के समान वर्गीकरण लागू करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में भूमि के वर्गीकरण में एकरूपता सुनिश्चित करने तथा निबंधन कार्य को सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस क्रम में नवगठित नगर निकायों के परिधीय क्षेत्रों (पेरिफेरल एरिया) को चिह्नित करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया, ताकि संबंधित क्षेत्रों का उचित निर्धारण करते हुए भूमि के वर्गीकरण की प्रक्रिया को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी संबंधित नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने नगर निकायों के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने नवगठित नगर निकायों के परिधीय क्षेत्रों को चिह्नित करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं विवरण तैयार करने का भी निर्देश दिया, ताकि जिला मूल्यांकन समिति के स्तर पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा सके।
साथ ही इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को सड़कों के वर्गीकरण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि सड़कों के वर्गीकरण से संबंधित विवरण निर्धारित मानकों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि भूमि के मूल्यांकन एवं निबंधन से संबंधित कार्यों में एकरूपता और पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में भूमि के समान वर्गीकरण की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने, नगर निकायों से संबंधित आवश्यक सूचनाओं का संकलन करने तथा विभागीय निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री रोहित कुमार, श्रीमती स्वीटी सुमन, जिला अवर निबंधक, दरभंगा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन, भूमि सुधार उप समाहर्ता, दरभंगा, जिले के सभी संबंधित नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा अवर निबंधक, बिरौल एवं कमतौल उपस्थित थे।


