अर्थ

बैंकों की ऋण वृद्धि दोहरे अंक में रहेगी, मुनाफे में भी होगा सुधार, Fitch का अनुमान

डेस्क: फिच रेटिंग्स ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय बैंकों की ऋण वृद्धि 2027 में भी दोहरे अंक में रहने की उम्मीद है। वहीं, लागत दक्षता में सुधार से उनकी लाभप्रदता बढ़ेगी और पूंजी पर्याप्तता स्थिर बनी रहेगी। फिच को उम्मीद है कि मार्च 2028 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष 2027-28 में भारतीय बैंकों का वित्तीय प्रदर्शन स्थिर रहेगा।

मजबूत आर्थिक वृद्धि से ऋण वृद्धि करीब 15 प्रतिशत बनी रहेगी, जबकि नीतिगत ब्याज दर में मामूली बढ़ोतरी से शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) और आय को समर्थन मिलेगा। एशिया-प्रशांत क्षेत्र के बैंकों पर जारी अपनी रिपोर्ट में फिच ने कहा, “कर्ज की अवधि बढ़ने के साथ परिसंपत्तियों की गुणवत्ता पर दबाव थोड़ा बढ़ सकता है लेकिन कर्ज की वसूली और बट्टे खाते में डाले जाने वाले कर्ज से इसका असर कम हो जाएगा। ऋण वृद्धि और लागत दक्षता में सुधार से लाभप्रदता को समर्थन मिलेगा और पूंजी पर्याप्तता स्थिर बनी रहेगी।”
फिच के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में कुछ क्षेत्रों में कर्ज की तेज वृद्धि के कारण नए गैर-निष्पादित ऋण (एनपीएल) के मामले मामूली रूप से बढ़ सकते हैं। इनमें बिना गारंटी वाले व्यक्तिगत ऋण और कृषि कारोबार से जुड़े कर्ज शामिल हैं, जो बाहरी परिस्थितियों में बदलाव के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं। फिच ने अनुमान जताया कि वित्त वर्ष 2027-28 में ऋण लागत बढ़कर कुल कर्ज के करीब 0.8 प्रतिशत पर पहुंच सकती है, जो वित्त वर्ष 2026-27 में अनुमानित 0.6 प्रतिशत है। हालांकि, वित्त वर्ष 2027-28 में एनपीएल अनुपात दो प्रतिशत से नीचे रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *