प्रभारी मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध लक्ष्य प्राप्त करने का दिया निर्देश
दरभंगा को राज्य का अग्रणी जिला बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ करें कार्य : प्रभारी मंत्री
ग्रामीण विकास, जीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आवास, पेयजल सहित विभिन्न विभागों की उपलब्धियों एवं प्रगति की हुई समीक्षा
दरभंगा, 27 नवंबर 2026 :- दरभंगा, समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में माननीय मंत्री, पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, दरभंगा जिला इंजीनियर कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने प्रभारी मंत्री को मिथिला की परंपरा के अनुरूप पाग, चादर एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का विधिवत शुभारंभ किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि 20 सूत्री की बैठक जिले के समग्र विकास एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दरभंगा को राज्य का अग्रणी जिला बनाने की दिशा में ठोस प्रयास करें।
उन्होंने जिलाधिकारी को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने तथा योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सर्वप्रथम पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। इसके बाद ग्रामीण विकास, पंचायती राज, जीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पथ निर्माण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण एवं पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
*ग्रामीण विकास एवं जीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां*
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में अब तक 7,18,209 मानव दिवस का सृजन किया गया है। इसमें महिलाओं की भागीदारी 62.20 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति की भागीदारी 19.52 प्रतिशत रही है। समयबद्ध मजदूरी भुगतान की उपलब्धि 85.42 प्रतिशत है।
जीविका के तहत जिले में 44,835 स्वयं सहायता समूहों से 5,87,046 सदस्य जुड़े हैं। इसके अतिरिक्त 3,061 ग्राम संगठन एवं 69 संकुल स्तरीय संघ गठित हैं। अब तक 2,15,107 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। जिले में चार दीदी की रसोई तथा आठ कस्टम हायरिंग सेंटर संचालित हैं। सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 7,135 लक्षित परिवारों को लाभान्वित किया गया है।
*पंचायत सरकार भवन एवं सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा*
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 18 प्रखंडों में निर्मित 104 पंचायत सरकार भवनों में से 98 भवनों का हस्तांतरण कर उन्हें क्रियाशील कर दिया गया है। यहां आरटीपीएस केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत चारों चरणों में प्राप्त 45,600 लाइटों के लक्ष्य के विरुद्ध 44,796 लाइटें अधिष्ठापित की जा चुकी हैं। जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत 545 सार्वजनिक कुओं का जीर्णोद्धार तथा उनके किनारे 545 सोख्ता निर्माण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। जिले की 308 ग्राम पंचायतों में से 149 पंचायतों में पुस्तकालय स्थापित किए जा चुके हैं।
*स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की हुई समीक्षा*
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक ओपीडी में पंजीकृत 5,40,029 मरीजों में से 99 प्रतिशत को चिकित्सकों द्वारा ऑनलाइन परामर्श तथा 96 प्रतिशत को दवा वितरण सुनिश्चित किया गया है। पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि 94 प्रतिशत रही है।
आईसीडीएस के माध्यम से 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 1,59,513 बच्चों, 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 1,20,957 बच्चों तथा 46,586 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण का लाभ दिया जा रहा है। जिले में 297 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 18,538 तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत 8,121 लाभुकों का पंजीकरण किया गया है।
*ग्रामीण आवास एवं पेयजल योजनाओं में प्रगति*
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत 31,121 आवासों में से 19,779 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत स्वीकृत 3,147 आवासों में से 2,939 आवासों का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जो 93.39 प्रतिशत है।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा संकटग्रस्त क्षेत्रों में बंद पड़े चापाकलों के स्थान पर 365 नए आईएम-2 चापाकलों का निर्माण कराया गया है। पंचायती राज विभाग से हस्तांतरित छूटे हुए टोलों में 666 स्वीकृत योजनाओं के विरुद्ध 565 बोरिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है।
*एम्स संपर्क पथ सहित प्रमुख सड़क एवं पुल परियोजनाओं की समीक्षा*
पथ निर्माण एवं ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान दरभंगा एम्स तक फोरलेन पहुंच पथ सहित शोभन-एकमीघाट पथ के 11 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की प्रगति से अवगत कराया गया। इसके भू-अर्जन के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को 67 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
शोभन चौक से अग्रोपट्टी चौक (38.60 किलोमीटर) सड़क का 45 प्रतिशत, कमतौल से सनहपुर (20.46 किलोमीटर) सड़क का 50 प्रतिशत, बहेड़ी बाईपास का 45 प्रतिशत तथा जाले-औराई पथ का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
इसके अतिरिक्त दरभंगा-मोहम्मदपुर, थलवाड़ा-लहेरियासराय, लहेरियासराय-दरभंगा एवं कमतौल-मोहम्मदपुर रेलखंड पर रेलवे ऊपरी पुल (आरओबी) निर्माण तथा हायाघाट प्रखंड में करेह नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। करेह नदी पर पुल का सुपर स्ट्रक्चर 98 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
*शिक्षा एवं छात्र कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां*
शिक्षा विभाग की समीक्षा में बताया गया कि प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत जिले के 2,358 विद्यालयों में औसतन 3,64,062 छात्र-छात्राएं प्रतिदिन लाभान्वित हो रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पोशाक, साइकिल एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 7,91,120 छात्र-छात्राओं के खातों में 80.56 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई है। जिले के 25 विद्यालयों का चयन पीएम श्री स्कूल के रूप में किया गया है।
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 64 प्रतिशत आवेदन प्राप्त हुए हैं। खेल विकास योजना के अंतर्गत जिले में पांच प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियम का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है।
*समाज कल्याण, श्रम एवं पशुपालन योजनाओं की समीक्षा*
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत 464 लाभुकों को 2.345 करोड़ रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित वन स्टॉप सेंटर में दर्ज 619 मामलों में से 506 मामलों का निष्पादन किया गया है।
श्रम संसाधन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में जिले के 60 विमुक्त बाल श्रमिकों का शत-प्रतिशत पुनर्वास किया गया है। पशुपालन विभाग द्वारा 21वीं पशु गणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं, 18 मोबाइल वेटरनरी यूनिट के माध्यम से पशुपालकों को घर बैठे पशु चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
मिथिला वन प्रमंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि वानिकी एवं विभागीय स्तर पर 2.34 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया है।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों की समीक्षा के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी पदाधिकारी नियमित अनुश्रवण करें तथा विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
*शहर के विस्तार को लेकर बैठक में सदस्यों ने रखा प्रस्ताव*
समीक्षा बैठक के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था, जलनिकासी की समस्या एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदस्यों द्वारा आशापुर चौक पर अतिक्रमण की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने बताया कि चौक पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
इस पर माननीय मंत्री महोदय ने संबंधित अधिकारियों को आशापुर चौक को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इसके लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सदस्यों द्वारा शहर में बुडको (बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम) के माध्यम से कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य की प्रगति का मुद्दा भी उठाया गया।
सदस्यों ने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन कई स्थानों पर निर्माण कार्य अभी अधूरा है। कुछ हिस्सों में कार्य शेष रहने के कारण जलनिकासी की समस्या बनी हुई है तथा आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर माननीय मंत्री महोदय ने बुडको के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नाला निर्माण के शेष बचे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने तथा कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त बैठक में शहर के सुनियोजित विकास एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शहरी क्षेत्र के विस्तार का प्रस्ताव भी सदस्यों द्वारा प्रस्तुत किया गया।
सदस्यों ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी, आवासीय विस्तार एवं नागरिक सुविधाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए शहर के विस्तार की दिशा में आवश्यक पहल की जानी चाहिए। इस क्रम में शहरी आधारभूत संरचनाओं के विकास, जलनिकासी, सड़क, यातायात एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के समुचित विस्तार की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
*माननीय मंत्री महोदय ने कहा कि हमारा प्रयास है कि विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा हो, कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित हो और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।*
बैठक में उपाध्यक्ष, 20 सूत्री श्री जीवछ सहनी, माननीय मंत्री, मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, बिहार सरकार श्री मदन सहनी, माननीय मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार श्री रामचंद्र प्रसाद, माननीय सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर, माननीय राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशीला गुप्ता, माननीय विधायक जाले श्री जीवेश कुमार, माननीय विधायक दरभंगा ग्रामीण श्री राजेश कुमार मंडल, माननीय विधायक बेनीपुर श्री विनय कुमार चौधरी, माननीय विधान पार्षद (स्नातक) श्री अनिल कुमार झा, जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ जल रड्डी, सहित 20 सूत्री समिति के सदस्य श्री माधव कुमार मुन्ना, श्री कमलेश कुमार मंडल, श्री भोलानाथ महतो, श्री गजेंद्र प्रसाद सिंह, श्रीमती मृदुला राय, श्री विपुल राय, श्री मुकेश कुमार सुमन, श्री विजय राम, श्री नवाब अख्तर, श्री किशोर कुमार गुप्ता, श्री विजय चौधरी, श्री अंकुर कुमार गुप्ता, श्री अभयनंद झा, श्री बालेंदु झा, श्रीमती सपना भारती, श्री रमेश प्रसाद, श्री मणिकांत मिश्रा, श्री विनय कुमार पासवान, श्री लक्ष्मी पासवान, श्री देवेंद्र कुमार झा, श्रीमती रेणु देवी, माननीय अध्यक्ष नगर पंचायत भरवाड़ा श्री सुनील कुमार भारती, माननीय अध्यक्ष नगर पंचायत, बहेड़ी श्री मनोज लाल देव, माननीय अध्यक्ष नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान श्री शत्रुघ्न पासवान आदि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



