स्थानीय

सेंट्रल बैंक ने कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए स्वीकृत किए 75 करोड़ रुपये के ऋण

 

मेगा कृषि ऋण संपर्क कार्यक्रम में माननीय सांसद डॉ.गोपाल जी ठाकुर ने जीविका दीदियों को वितरित किए चेक

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जोर

 

 

 

दरभंगा, 26 नवम्बर 2026:-सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की दरभंगा क्षेत्रीय इकाई की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी मेगा कृषि ऋण संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कुल 75 करोड़ रुपये के ऋण की स्वीकृति प्रदान की गई। इस दौरान लाभार्थी जीविका दीदियों को स्वीकृत ऋण के चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दरभंगा के माननीय सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के केंद्रीय कार्यालय मुंबई से पहुंचे महाप्रबंधक डीपी खुराना तथा दरभंगा क्षेत्रीय प्रबंधक निखिल त्रिपाठी की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों एवं अन्य लाभार्थियों ने भाग लिया।

 

इस अवसर पर महाप्रबंधक डीपी खुराना ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका है। जीविका दीदियों के उत्साह, मेहनत और उद्यमशीलता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं और आय के नए स्रोत विकसित करें। ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक उन्नति से परिवार के साथ-साथ पूरे समाज और क्षेत्र का विकास संभव है।

 

वहीं सांसद डॉ.गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने जीविका दीदियों से ऋण का सदुपयोग कर अपने रोजगार एवं व्यवसाय का विस्तार करने तथा दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

 

उन्होंने ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्र के विकास और महिला सशक्तीकरण की दिशा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की पहल की सराहना की।

 

कार्यक्रम के दौरान ऋण स्वीकृति और चेक वितरण को लेकर लाभार्थियों में खासा उत्साह देखा गया। बैंक की इस पहल से कृषि, पशुपालन एवं अन्य संबद्ध गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की दरभंगा क्षेत्रीय इकाई की इस पहल को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *