जिला परिषद सभागार में ग्रामीण चार्ज के लिपिक एवं तकनीकी सहायकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
जनगणना कार्य में समयबद्धता, गंभीरता एवं आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर
दरभंगा, 05 नवंबर 2026 :- भारत की जनगणना-2027 (द्वितीय चरण) को लेकर दरभंगा जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को लहेरियासराय स्थित जिला परिषद सभागार में ग्रामीण चार्ज के लिपिक एवं तकनीकी सहायकों के चतुर्थ बैच का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिला जनगणना अधिकारी-सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री उदय नारायण प्रसाद ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है। सभी कर्मी पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता को जनगणना की सफलता का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि सटीक आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी एवं उद्देश्यपरक बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में त्रुटिरहित आंकड़ों का संग्रहण सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों को भली-भांति समझना आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षक श्री रोहित कुमार एवं श्री अमिताभ कुमार ने कर्मियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली, निर्धारित जिम्मेदारियों एवं कार्यों के सही निष्पादन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जनगणना कार्य को सुचारु, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारियां भी प्रदान की गईं।


