डेस्क: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में बृहस्पतिवार को यात्रियों से खचाखच भरी एक बस पलट गई, जिससे कम से कम 16 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। गोपालपुर मोड़ के पास हुई इस दुर्घटना के कारण व्यस्त बर्धमान-आरामबाग राज्य राजमार्ग पर भारी जाम लग गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे हुई, जब आरामबाग से आ रही बस रैना इलाके में गोपालपुर मोड़ के पास पहुंचते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस अधिकारी ने कहा, ”प्रारंभिक जांच में पता चला कि बस तेज रफ्तार से चल रही थी। दुर्घटना के समय बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी।”
उन्होंने बताया कि 16 घायल यात्रियों को बर्धमान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों में मदद की। अधिकारी के अनुसार, बस चालक ने हादसे की वजह अचानक आई तकनीकी खराबी को बताया।
उन्होंने कहा कि बस पलटने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा बाधित हो गया, जिससे व्यस्त मार्ग पर भारी जाम लग गया। अधिकारी ने कहा, ”हम उन परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं जिनके कारण दुर्घटना हुई। विस्तृत जांच के बाद ही इसके सटीक कारण का पता चल पाएगा।”


