डेस्क: भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। बड़े शतक, मैच जिताऊ पारियां, आक्रामक अंदाज और मैदान पर जश्न मनाने का उनका तरीका उन्हें दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में शामिल करता है। कोहली ने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट की दुनिया में अलग पहचान बनाई है।
अंडर-19 विश्व कप से शुरू हुआ किंग कोहली का सफर
विराट कोहली पहली बार साल 2008 में सुर्खियों में आए थे, जब उनकी कप्तानी में भारत ने अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा और देखते ही देखते दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में अपनी जगह बना ली। टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।
वनडे क्रिकेट में कोहली का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में विराट कोहली के नाम 55 शतक दर्ज हैं, जो पुरुष वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा हैं। वह इस फॉर्मेट में 50 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने थे। इसके अलावा उन्होंने सिर्फ 205 पारियों में 10 हजार वनडे रन पूरे किए थे और सचिन तेंदुलकर से 54 पारियां कम ली थीं।
2023 विश्व कप में बनाया ऐसा रिकॉर्ड, जो आज भी कायम
साल 2023 के वनडे विश्व कप में विराट कोहली ने बल्ले से इतिहास रच दिया था। उन्होंने 11 पारियों में 765 रन बनाए थे और एक विश्व कप संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। इस दौरान उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 2003 विश्व कप में बनाए गए 673 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था।
टी20 विश्व कप में भी किंग का शानदार प्रदर्शन
टी20 विश्व कप के इतिहास में भी विराट कोहली का नाम कई बड़े रिकॉर्ड्स के साथ दर्ज है। उन्होंने 2012 से 2024 तक पांच संस्करणों में कुल 1292 रन बनाए। साल 2014 के टी20 विश्व कप में उनके बल्ले से 319 रन निकले थे, जो एक संस्करण में किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है।
टेस्ट क्रिकेट में 937 रेटिंग अंक हासिल करने वाले भारतीय बल्लेबाज
कोहली ने साल 2018 में आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में 937 रेटिंग अंक हासिल किए थे। यह किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा हासिल की गई सबसे बड़ी टेस्ट रेटिंग है। इसके अलावा उन्होंने कप्तान के तौर पर 20 टेस्ट शतक लगाए, जो भारतीय कप्तानों में सबसे ज्यादा हैं।
एक IPL सीजन में 973 रन बनाकर रचा इतिहास
साल 2016 का आईपीएल विराट कोहली के करियर का यादगार सीजन रहा। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए 16 मैचों में 973 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने चार शतक और सात अर्धशतक लगाए। एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब भी कोहली के नाम है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे स्थान पर
विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। इस मामले में वह सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे स्थान पर हैं। सचिन के नाम 34,357 अंतरराष्ट्रीय रन दर्ज हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतकों के मामले में भी कोहली 86 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
2027 वनडे विश्व कप पर होंगी विराट की नजरें
38वें जन्मदिन के मौके पर विराट कोहली के सामने अब भी कई नए लक्ष्य हैं। उनके करियर का एक बड़ा सपना 2027 वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करना होगा। वह 2011 में भारत की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुके हैं और एक बार फिर विश्व कप ट्रॉफी जीतने की उम्मीद करेंगे।


