डेस्क: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लेकर खूब सुर्खियां बटोरीं। हालांकि, सबसे ज्यादा प्रभावित हरियाणा के तेज गेंदबाज अनशुल कंबोज ने किया, जिन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
10 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर झटके दो विकेट
अनशुल कंबोज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहद किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 22 रन खर्च किए और दो महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने दो मेडन ओवर भी डाले और उनकी इकॉनमी रेट महज 2.20 रही। उन्होंने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
न्यूजीलैंड के कप्तान को किया क्लीन बोल्ड
कंबोज ने सबसे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर को महज 4 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने 29वें ओवर में नाथन स्मिथ को सिर्फ 1 रन पर आउट कर दिया। इन दो विकेटों ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को बड़ा झटका दिया और टीम को दबाव में ला दिया।
21 साल बाद भारतीय तेज गेंदबाज का खास रिकॉर्ड
अनशुल कंबोज का 10 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लेने का प्रदर्शन रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज हो गया। न्यूजीलैंड की धरती पर पिछले 21 वर्षों में किसी भारतीय तेज गेंदबाज का यह संयुक्त रूप से सबसे किफायती 10 ओवर का स्पेल रहा। इससे पहले आशीष नेहरा, अजीत अगरकर और जसप्रीत बुमराह भी वनडे क्रिकेट में 2.20 की इकॉनमी से गेंदबाजी कर चुके हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ खराब डेब्यू के बाद शानदार वापसी
कंबोज के लिए यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा क्योंकि इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। उस मुकाबले में उन्होंने 9 ओवर में 82 रन खर्च किए थे और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए अपनी काबिलियत साबित कर दी।
दूसरे वनडे में 7 नवंबर को भिड़ेंगी दोनों टीमें
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। वहीं, न्यूजीलैंड को घरेलू वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में जनवरी 2019 के बाद पहली बार हार का सामना करना पड़ा। दिलचस्प बात यह है कि उस समय भी उसे भारत ने ही हराया था। सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला 7 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।


