अर्थ

Gold-Silver rate high: धनतेरस से पहले सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी, ₹1,45,600 के पार पहुंचा 10 ग्राम गोल्ड

डेस्क: धनतेरस से ठीक एक दिन पहले गोल्ड-सिल्वर की कीमतों में बड़ी तेजी आई है। MCX पर 5 नवंबर को सोना 2441 रुपए उछलकर 1,45,675 रुपए प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं चांदी की कीमत में भी 2416 रुपए की तेजी आई है, एक किलोग्राम चांदी 1,90,151 रुपए पर है।

सर्राफा बाजार में सोना 4,800 रुपए महंगा
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल आया। त्योहारी मांग बढ़ने और वैश्विक बाजारों में कीमतों में तेज सुधार के बीच सोना 4,800 रुपए बढ़कर 1,46,600 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत मंगलवार को 1,41,800 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो बुधवार को बढ़कर (सभी करों सहित) 1,46,600 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। चांदी की कीमतों में भी तेजी रही। यह 9,000 रुपए उछलकर (सभी करों सहित) 1.93 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1.84 लाख रुपए प्रति किलोग्राम था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत सुधार और घरेलू बाजार में त्योहारी मांग बढ़ने से बुधवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। ब्रिकवर्क रेटिंग्स के शोध प्रमुख राजीव शरण के अनुसार, कीमतों में यह सुधार त्योहारी खरीदारी की तैयारी कर रहे ग्राहकों को कुछ राहत दे सकता है। अक्टूबर में अपने उच्चतम स्तर से सोने की कीमतों में करीब आठ प्रतिशत की गिरावट आई थी।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती, बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ने के कारण हाल में सोने की कीमतों में गिरावट आई थी। इससे कारोबारियों ने मुनाफावसूली की। शरण ने कहा कि पिछले धनतेरस के मुकाबले इस बार सोने की कीमतों में अपेक्षाकृत कम तेजी आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *