डेस्क: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में विराट कोहली ने शानदार अर्धशतक के साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए हैं। अब उनके पास दूसरे वनडे में भी एक फिर इतिहास रचने का मौका होगा। दूसरे वनडे में सिर्फ एक रन बनाते ही वह ऑस्ट्रेलियाई पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड को तोड़ न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
विराट कोहली ने बुधवार को ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए पहले वनडे में शानदार बैटिंग की। चेज मास्टर ने 51 गेंदों पर 74 रन बनाते हुए भारत को पांच विकेट से जिताने के साथ पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका अदा की। बारिश बाधित मुकाबले में 32 ओवर में 143 के लक्ष्य मिला। कोहली की दमदार बल्लेबाजी के चलते टीम इंडिया सिर्फ 22.4 ओवर में टारगेट तक पहुंच गई। कोहली ने अपनी पारी के दौरान 13 चौके और एक छक्का लगाया। उनकी इस पारी ने भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री को भी अपना मुरीद बना लिया, जिन्होंने कोहली की खूब तारीफ की।
‘जब वह इस तरह चौथे गियर में रहते हैं’
शास्त्री ने कहा कि 74 रन की पारी जिन कंडीशन में खेली गई, शतक जितनी कीमती थी। शास्त्री ने सोनी स्पोर्ट्स पर कहा कि ऐसे हालात में 70 रन शतक के बराबर होते हैं। वह पूरी पारी में कभी खुद से आगे नहीं बढ़े। जब वह इस तरह चौथे गियर में रहते हैं, तो भगवान आपकी मदद करते हैं। जब ड्रेसिंग रूम में युवा खिलाड़ी उन्हें देखते हैं और देखते हैं कि वह 38 रन पर आउट होने पर भी कैसे गुस्सा होते हैं, तो वे समझ जाएंगे कि उन्हें अभी और मेहनत करनी है।
‘कोहली की तेजी से सिंगल लेने की काबिलियत’
शास्त्री ने चेज के दौरान कोहली की ओर से कप्तान शुभमन गिल को दिए गए सपोर्ट के बारे में भी बात की। उनके अनुसार, कोहली की तेजी से सिंगल लेने की काबिलियत ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने दूसरे छोर पर शुभमन गिल पर भी बहुत दबाव कम किया। वह इतनी तेजी से स्ट्राइक से हट जाते हैं कि हर समय गेंदबाज पर दबाव रहता है। मैंने उन्हें इतने सालों से देखा है और मैं आपको नहीं बता सकता कि उन्होंने इससे बेहतर बैटिंग की है या नहीं।
कोहली ने वनडे चेज में सचिन को पीछे छोड़ा
कोहली की पारी ने उन्हें एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने में भी मदद की। वह वनडे रन चेज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए और इस मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। सचिन ने वनडे इंटरनेशनल में दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 242 पारियों में 8,720 रन बनाए थे। उनके रिकॉर्ड में 42.33 के औसत से 17 शतक और 52 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, कोहली ने अब वनडे चेज में 169 पारियों में 8,741 रन बनाए हैं। उन्होंने ऐसा 66.21 के औसत और 95.03 के स्ट्राइक रेट से किया है। उनके रिकॉर्ड में में 30 शतक और 46 अर्धशतक शामिल हैं।
जब भारत चेज करते हुए जीतता है, तो उनका रिकॉर्ड और भी बेहतर होता है। कोहली ने सफल वनडे चेज में 108 पारियों में 6,477 रन बनाए हैं। उनका औसत 89.95 है और उनका स्ट्राइक रेट 98 से ज्यादा है। उन्होंने 25 शतक और 30 अर्धशतक बनाए हैं।


