डेस्क: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर भारतीय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कोहली अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 19वें साल में प्रवेश कर चुके हैं और उनके नाम कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार पारी खेलकर मनाया जन्मदिन
विराट कोहली ने अपने जन्मदिन से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की थी। ऑकलैंड में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में उन्होंने 51 गेंदों पर 74 रन की पारी खेली और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने डीएलएस नियम के तहत पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम किया था।
शिखर धवन ने कोहली के जुनून की तारीफ की
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने पुराने साथी विराट कोहली को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो, विराट! खेल के प्रति तुम्हारा जुनून, भूख और प्यार आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करता है। तुम्हारा आने वाला साल शानदार रहे भाई!’ धवन और कोहली लंबे समय तक भारतीय टीम के लिए एक साथ क्रिकेट खेल चुके हैं।
सुरेश रैना ने बताया विराट की बल्लेबाजी को खास
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी कोहली के लिए एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो, किंग कोहली! शानदार कवर ड्राइव से लेकर यादगार रन चेज तक, तुमने क्रिकेट फैंस को अनगिनत यादें और भावनाएं दी हैं।’ रैना ने आगे कहा, ‘तुम्हारा जुनून, लड़ने का जज्बा और जीतने की भूख तुम्हें बेहद खास बनाती है। तुम्हें बल्लेबाजी करते देखना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है।’
दिनेश कार्तिक ने फिटनेस को लेकर कही बड़ी बात
पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज और कोहली के आरसीबी साथी दिनेश कार्तिक ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विराट की फिटनेस की तारीफ करते हुए लिखा, ‘हर साल वही आग और वही जुनून। 38 साल की उम्र में भी इतनी शानदार फिटनेस पहले कभी नहीं देखी। जन्मदिन मुबारक हो, विराट!’ कार्तिक का यह संदेश सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा।
मोहम्मद शमी और मनोज तिवारी ने भी दी बधाई
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कोहली को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वहीं, पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी ने उनके साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ पुरानी साझेदारी की तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा, ‘कुछ साझेदारियां उन रनों के लिए याद रखी जाती हैं जो हमने बनाए, लेकिन कुछ खास साझेदारियां उन यादों के लिए याद रहती हैं, जो वे हमारे साथ छोड़ जाती हैं।’
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28 हजार से ज्यादा रन
विराट कोहली ने अपने पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 566 मुकाबलों की 633 पारियों में 28601 रन बनाए हैं। उनका औसत 52.86 का रहा है। उनके नाम कुल 86 अंतरराष्ट्रीय शतक और 149 अर्धशतक दर्ज हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वह सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे स्थान पर हैं।


