डेस्क: अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की शानदार जीत और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट से भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,622 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी भी 14 अगस्त के बाद 24,400 का अहम स्तर पार कर लिया।
सुबह 9:56 बजे बीएसई सेंसेक्स 1,622.74 अंक यानी 2.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 78,924.14 पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 50 में 462.25 अंक यानी 1.93 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 24,422.85 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,699.79 अंक उछलकर 79,001.19 तक पहुंच गया। वहीं निफ्टी ने 24,442.20 का इंट्राडे हाई छुआ।
बाजार में चौतरफा खरीदारी का असर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर भी दिखाई दिया। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी रही। इस तेजी के चलते बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप शुरुआती कारोबार में ही 6 लाख करोड़ रुपए से अधिक बढ़ गया यानी निवेशकों की संपत्ति में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई।
शेयर बाजार में तेजी के 5 बड़े कारण
अमेरिकी बाजारों से मिले मजबूत संकेत
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद अमेरिकी शेयर बाजारों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। डाउ जोंस 3.03 प्रतिशत यानी 1,569 अंक चढ़ा। वहीं S&P 500 में 1.58 प्रतिशत और नैस्डैक में 1.44 प्रतिशत की बढ़त रही। इसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा।
कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट
ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब 9 प्रतिशत तक की गिरावट ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बड़ी राहत दी। ब्रेंट क्रूड करीब 94.12 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए कच्चे तेल की कीमतों में कमी से आयात बिल और महंगाई का दबाव घटने की उम्मीद है।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की भारतीय बाजार में वापसी से भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। पिछले कारोबारी सत्र में विदेशी निवेशकों ने करीब 7,284 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की। डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी से उभरते बाजारों में निवेश आकर्षित होने की उम्मीद बढ़ी है।
बैंकिंग और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी
बाजार की तेजी में बैंकिंग, आईटी, ऑटो और अन्य बड़े शेयरों का अहम योगदान रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, ICICI बैंक, HDFC बैंक और एक्सिस बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में खरीदारी से प्रमुख सूचकांकों को मजबूती मिली।
GIFT निफ्टी ने पहले ही दे दिए थे तेजी के संकेत
भारतीय बाजार खुलने से पहले GIFT निफ्टी में 300 अंकों से ज्यादा की तेजी दिखाई दे रही थी। इससे बाजार में मजबूत शुरुआत के संकेत मिल गए थे और कारोबार शुरू होते ही निफ्टी 24,300 के पार निकल गया।


