खेल

नरम और पुरानी गेंद… केएल राहुल ने खोला अपनी कामयाबी का राज़

डेस्क: वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में टीम इंडिया को हार जरूर मिली लेकिन भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार शतक लगाया. मिडिल ऑर्डर में खेलने वाले इस बल्लेबाज ने 87 गेंदों पर 129 रनों की शानदार पारी खेली. इस पारी के दम पर टीम इंडिया ने 351 रन बनाए. राहुल ने कैसे पांचवें नंबर पर उतरकर इतनी अच्छी बल्लेबाजी की, इसका राज दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने खुद खोला है. राहुल ने बताया कि नरम और पुरानी गेंदों से की गई प्रैक्टिस उनके काम आ रही है.

केएल राहुल ने बताया कि वनडे क्रिकेट में आखिरी 10 ओवरों में रन बनाना इतना आसान नहीं रहा है. जब गेंद पुरानी और नरम हो जाती है और रिवर्स स्विंग करने लगती है, तो एक बल्लेबाज के तौर पर आप लॉन्ग-ऑन और डीप मिड-विकेट बाउंड्री को आसानी से क्लियर नहीं कर सकते, खासतौर पर अगर बाउंड्री बड़ी हो.

राहुल ने कहा, ‘मुझे तेज गेंदें पसंद हैं जो मुझ पर आती हैं, मैं उनकी स्पीड का फायदा उठा सकता हूं. इसलिए मैं इसी पर काम कर रहा हूं, नरम, पुरानी गेंदों से खेलने की कोशिश कर रहा हूं और उनसे छक्के लगाने में सक्षम होने की कोशिश कर रहा हूं.’ राहुल ने कहा कि वो लगातार अपने खेल में सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं. राहुल ने कहा कि वो समझते हैं कि नंबर पांच और नंबर छह के बल्लेबाज को टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए क्या करना होता है.
केएल राहुल ने बताया कि वर्ल्ड कप की टीम पूरी तरह तैयार है. कोच गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने उन खिलाड़ियों को साफतौर पर बता दिया है जो इस वर्ल्ड कप में खेलने वाले हैं. टीम इंडिया उन खिलाड़ियों को ज्यादा मौका देना चाहती है तो वर्ल्ड कप के लिए टीम के काम आ सकते हैं. बता दें अगला वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका में होना है और टीम इंडिया रोहित-विराट को भी लगातार मौके दे रही है, दोनों अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे हैं, ऐसे में लग रहा है कि रोहित और विराट दोनों एक साथ वर्ल्ड कप में खेलते नजर आएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *