राष्ट्रीय

NSUI प्रदर्शन में CAPF जवान पर चाकू से हमला, SIR विवाद के बीच दिल्ली में बढ़ा तनाव

डेस्क: SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। दिल्ली में सोमवार को NSUI के प्रदर्शन के दौरान CAPF के एक जवान पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने घटना को लेकर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जंतर-मंतर पर NSUI प्रदर्शन के दौरान हमला
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI की ओर से SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान पैरामिलिट्री फोर्स के एक जवान पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया।
हमले का आरोप NSUI के एक कार्यकर्ता पर लगाया जा रहा है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायल जवान का कराया गया मेडिकल
ANI के मुताबिक, नई दिल्ली जिला पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि CAPF के घायल जवान का अस्पताल में मेडिकल परीक्षण (MLC) कराया जा रहा है। घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है।
रविवार को भी हुआ था भारी बवाल
इससे एक दिन पहले रविवार को भी जंतर-मंतर जाने को लेकर दिल्ली में जमकर हंगामा हुआ था। लेफ्ट से जुड़े छात्र संगठनों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी।
रविवार की घटना में 15 पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी, जिनमें कई महिला कॉन्स्टेबल भी शामिल थीं। पुलिस ने करीब 110 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।
SIR विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर राजनीतिक टकराव लगातार बढ़ रहा है। विपक्षी दल दिल्ली और मुंबई समेत कई शहरों में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गया है। कोर्ट ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *