डेस्क: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के सिसवारा गांव में भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान पुलिस कार्रवाई के बीच एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 महिलाओं और 1 युवक को पुलिस वाहन से थाने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान युवक ने कथित रूप से चलते वाहन का गेट खोलकर छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने प्रथम द्दष्टया राजस्व विभाग के 2 कर्मचारियों की लापरवाही पाए जाने पर लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मृतक की पहचान मदारपुरवा निवासी कमलेश के रूप में हुई है। प्रशासन के अनुसार, सिसवारा गांव में दो पक्षों के बीच भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत की गई थी। शिकायत के निस्तारण के लिए मंगलवार रात नायब तहसीलदार आयुष के नेतृत्व में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी। प्रशासन के मुताबिक, मौके पर कुछ लोगों द्वारा राजस्व टीम के आदेश की अवहेलना किए जाने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की स्थिति बनी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने 5 महिलाओं और कमलेश को सरकारी पुलिस वाहन से थाने भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, रास्ते में कमलेश ने अचानक वाहन का गेट खोला और चलते वाहन से छलांग लगा दी। सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी और अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि भूमि विवाद की शिकायत के आधार पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए गांव गई थी। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जिलाधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में लेखपाल और राजस्व निरीक्षक की घोर लापरवाही सामने आने पर दोनों को तुरंत निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


