डेस्क: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां सदर कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भगठान (गोसाईंपुर) गांव में चुनावी रंजिश को लेकर 35 वर्षीय जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की उनके ही पाटीदारों और गांव के दबंगों ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी व गोलियों से मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक पहलवान के चश्मदीद भाई के अनुसार, घटना उस समय हुई जब ब्रह्मानंद अपनी बाइक से जानवरों के लिए चोकर-दाना लेने जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही दबंग पहले से हथियार लेकर घात लगाए बैठे थे। जैसे ही ब्रह्मानंद वहां पहुंचे, हमलावरों ने अचानक उनकी आंखों में पिसी हुई लाल मिर्च फेंक दी। आंख में मिर्च पड़ते ही ब्रह्मानंद का बाइक से संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े।
बाइक से गिरते ही हमलावरों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही राकेश, बलिराम, अजय, करिया, अभिमन्यु, मानसिंह, छठीर और 7-8 अज्ञात हमलावरों ने टांगी और कुल्हाड़ी से उन पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने पहलवान पर गोलियां भी चला दीं। बीच-बचाव करने पहुंचे ब्रह्मानंद के भाई पर भी हमलावरों ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद उन्होंने किसी तरह दूर छिपकर पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में बना लिया। लहूलुहान हालत में ब्रह्मानंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहलवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने खलीलाबाद बाईपास पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क पर लंबा जाम लगने की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला आपसी विवाद और पुरानी चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से कुछ को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। बाकी बचे मुख्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 3 अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।


