नई दिल्ली

DTC बस चालकों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, यात्रियों की बढ़ी परेशानी, जानें क्या है मांगें

डेस्क: दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही, जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकतर नई इलेक्ट्रिक बसों के चालक मुख्य रूप से दैनिक वेतन में बढ़ोतरी, चिकित्सा सुविधाएं और ओवरटाइम का भुगतान किए जाने की मांग कर रहे हैं।

डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन के अध्यक्ष ललित चौधरी ने कहा, ‘हम चालकों की मांगों का समर्थन करते हैं। अभी तक सरकार के किसी प्रतिनिधि ने हमसे संपर्क नहीं किया है। हमारी हड़ताल शांतिपूर्ण है और हमने बसें नहीं चलाने का फैसला किया है।’
प्रदर्शन कर रहे चालकों के अनुसार बस को किसी तरह का नुकसान होने पर उन पर जुर्माना लगाया जाता है, जिसे उन्होंने हटाने की मांग की है। यात्रियों ने सोशल मीडिया मंचों पर कहा कि बुधवार को सड़कों पर कम बसें उपलब्ध थीं, जिससे रोजाना आवागमन में परेशानी हुई। फिलहाल शहर में डीटीसी की कुल करीब 6,500 बसें हैं। कई अभिभावकों ने स्कूलों के लिए बस सेवा उपलब्ध नहीं होने की भी शिकायत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *