राष्ट्रीय

दूषित पानी की वजह से करीब 100 विद्यार्थी पड़े बीमार, एक हफ्ते के लिए स्कूल बंद

डेस्क: केरलम के वायनाड जिले के कलपेट्टा स्थित एक स्कूल को करीब 100 विद्यार्थियों के बुखार और उल्टी से पीड़ित होने के बाद एक सप्ताह के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, बीमार पड़े विद्यार्थियों ने विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराया। शिकायतें मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने यहां सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि स्कूल परिसर में स्थित पानी की टंकी और कुएं का कीटाणुशोधन नहीं किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी को और फैलने से रोकने तथा स्कूल परिसर की अच्छी तरह सफाई एवं कीटाणुशोधन सुनिश्चित करने के लिए प्रबंधन को एक सप्ताह तक स्कूल बंद रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण का नेतृत्व कलपेट्टा जनरल अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर डॉ. श्याम ने किया। अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक पी. ए. नवास और कनिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक सुरेश कुमार तथा बिबिन वर्गीज भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *