अन्य

उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर को लेकर हिंदू समाज का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, बोले हक के लिए लड़ेंगे

डेस्क: उज्जैन के सराफा बाजार स्थित खड़े हनुमान मंदिर को मार्ग चौड़ीकरण के दौरान यथास्थान रखने की मांग को लेकर बुधवार को सकल हिंदू समाज ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। मंदिर से कंठाल चौराहे तक करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में हजारों श्रद्धालु जुटे। आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शन में पांच हजार से अधिक लोग शामिल हुए। इनमें साधु-संतों के साथ महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और जय श्रीराम के जयकारे लगाए। साधु-संतों ने मंच से खड़े हनुमान मंदिर को यथास्थान रखते हुए भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दिलाया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मार्ग चौड़ीकरण के दौरान हनुमानजी की प्रतिमा को दूसरी जगह विस्थापित न किया जाए। संतों और आयोजकों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रतिमा हटाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। विहिप नेता महेश आंजना ने कहा कि मांग नहीं मानी गई तो अगली बार 50 हजार लोगों को जुटाया जाएगा।
सर्व समाज की ओर से एसडीएम एलेन गर्ग को बाबा महाकालेश्वर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रतिमा को यथास्थान रखने और इसी स्थान पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग की गई। ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम ने कहा कि लोगों की मांग को उचित माध्यम से मुख्यमंत्री और संबंधित मंच तक पहुंचाया जाएगा। निर्णय होने के बाद लोगों को अवगत कराया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन का अमला मौके पर तैनात रहा और आयोजन शांतिपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *