दरभंगा

डीएम ने मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान का किया निरीक्षण

पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन कार्य में गुणवत्ता एवं सावधानी बरतने का निर्देशनिर्माणाधीन आधारभूत संरचनाओं की प्रगति की ली जानकारी

दरभंगा, 11 सितंबर 2026 :-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने आज मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने संस्थान में संरक्षित महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन हेतु स्थापित की जा रही मशीन के इंस्टॉलेशन कार्य का जायजा लिया तथा पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संस्थान में उपलब्ध सभी पांडुलिपियों का सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं उच्च गुणवत्ता के साथ डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पांडुलिपियां हमारी समृद्ध ज्ञान, संस्कृति एवं ऐतिहासिक विरासत की महत्वपूर्ण धरोहर हैं।

डिजिटाइजेशन के दौरान पांडुलिपियों की सुरक्षा एवं मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए कार्य को पूरी सावधानी एवं तकनीकी दक्षता के साथ संपादित किया जाए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संस्थान परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन बालक छात्रावास, प्रशासनिक भवन, गेस्ट हाउस, सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का स्थल निरीक्षण कर कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने संस्थान परिसर में विकसित की जा रही आधारभूत संरचनाओं को संस्थान की आवश्यकता एवं उपयोगिता के अनुरूप बेहतर ढंग से विकसित करने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री विद्यानंद ठाकुर, शोध संस्थान के निदेशक तथा संबंधित अभियंतागण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *