डेस्क: नई दिल्ली। ब्रिक्स (BRICS) समिट को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 11 सितंबर को छुट्टी घोषित की है, जिसके तहत दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे. दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने छुट्टी का ऐलान किया है.
सरकार की ओर से जो नोटिफिकेशन जारी किया गया है, उसमें लिखा है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के उपराज्यपाल ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में 11 सितंबर (शुक्रवार) को अवकाश घोषित किया है.
दिल्ली सरकार के अलावा राजधानी में केंद्र सरकार के कार्यालय भी 11 सितंबर को बंद रहेंगे. दरअसल, दिल्ली के भारत मंडपम में 12-13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन होना है और इसको लेकर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसीलिए सरकार की ओर से ये फैसला लिया गया है. इस सम्मेलन में करीब 30 ब्रिक्स सदस्य और सहयोगी देशों के नेता, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और भारत सहित ब्रिक्स देशों के व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल होंगे.
यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब दिल्ली में इस सम्मेलन की तैयारियों को तेज किया जा रहा है, जिसके तहत शहर के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है, यातायात को प्रतिबंधित किया गया है और कई मार्गों को मोड़ा गया है. हाल ही में किए गए यातायात अभ्यासों में 35 से अधिक सड़कों और 22 वैकल्पिक मार्गों को शामिल किया गया है,खासतौर पर मध्य दिल्ली और भारत मंडपम क्षेत्र के आसपास.
भारत चौथी बार करेगा BRICS की मेजबानी
भारत ने इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान 25 से अधिक शहरों में 350 से अधिक बैठकें और उच्च स्तरीय वार्ताएं आयोजित की हैं. इन वार्ताओं का मुख्य उद्देश्य तीन प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना रहा है, जिसमें राजनीतिक और सुरक्षा मामले, आर्थिक और वित्तीय सहयोग, और सांस्कृतिक एवं जन-समुदाय आदान-प्रदान शामिल हैं. दरअसल, भारत ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले वह साल 2012, 2016 और 2021 में समिट की अध्यक्षता कर चुका है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शिखर सम्मेलन में यूनाइटेड नेशन यानी संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी शामिल होंगे. उनके अलावा इस समिट में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के भी शामिल होने की उम्मीद है और कहा ये भी जा रहा है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

