डेस्क: उत्तर प्रदेश की पावन नगरी अयोध्या में कांग्रेस के स्वागत समारोह को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. तारुन थाना क्षेत्र के अर्पित मैरिज लॉन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मछली भोज आयोजित किए जाने का आरोप लगा है.
सावन के पवित्र महीने में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध किया जा रहा है.बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के लिए मछली पकाई गई थी, लेकिन भारी बारिश के चलते कार्यक्रम प्रभावित हो गया.

दरअसल, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी राजपाल गौतम, राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह और पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त के तारुन पहुंचने पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया था. कांग्रेस नेता राम निहाल निषाद के मुताबिक, यह आयोजन कांग्रेस में उनके शामिल होने के बाद नेताओं के स्वागत के लिए किया गया था. कार्यक्रम के दौरान भोज की भी व्यवस्था की गई थी.
किसी को कुछ भी खाने का अधिकार
इसी बीच मछली पकाए जाने का वीडियो सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया. वीडियो में भारी बारिश के बीच मौके पर मौजूद कुछ लोग मछलियां बटोरते हुए भी दिखाई दे रहे हैं. कार्यक्रम आयोजक कांग्रेस नेता राम निहाल निषाद ने कहा कि भोजन करने में क्या दिक्कत है? भारतवर्ष में 26 जनवरी 1950 को जब से संविधान लागू हुआ है, कोई कुछ भी खा सकता है. मछली मारना, मछली खाना, इसमें बुराई क्या है.
पत्रकारों के सवाल पर राम निहाल निषाद ने मछली भोज को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि भोजन करना हर व्यक्ति का अधिकार है और निषाद समाज के लिए मछली पकड़ना और खाना परंपरा और अधिकार का हिस्सा है. आयोजक ने यह भी कहा कि सावन, भादों या किसी अन्य महीने के आधार पर किसी के भोजन पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए.
बारिश के कारण कार्यक्रम भी रद्द
वहीं, स्थानीय स्तर पर इस आयोजन को लेकर जनआस्था से जुड़े सवाल भी उठाए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि अयोध्या में हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि दर्शन के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का तारुन में स्वागत कार्यक्रम था. इसी दौरान मछली भोज को लेकर विवाद सामने आया. वीडियो वायरल होने के बाद अजय राय के कार्यक्रम से रवाना होने की भी बात सामने आई है. भारी बारिश के कारण कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ और मछली भोज की तैयारियां धरी रह गईं. फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.

