त्यौहारी सीजन को लेकर निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने विद्युत शाखा के अभियंताओं के साथ की समीक्षा बैठक, नई अधिकृत कॉलोनियों में दो दिन में सर्वे पूरा कर स्ट्रीट लाईट लगाने का कार्य शुरू करने के निर्देश।
सभी स्ट्रीट लाईट, हाई मास्ट, बोलार्ड व डेकोरेटिव लाईटें चालू हालत में रखने के अभियंताओं को दिए निर्देश।

करनाल 7 अक्तूबर, आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए शहर की रोशनी व्यवस्था को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बुधवार को विद्युत शाखा के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था, नई अधिकृत कॉलोनियों में स्ट्रीट लाईट लगाने, हाई मास्ट लाईट, सी.सी.टी.वी. कैमरों तथा हाऊस बैठक में स्वीकृत स्ट्रीट लाईट से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा, सहायक अभियंता मनीष अग्रवाल तथा कनिष्ठ अभियंता मुनीष लालर व संदीप कुमार मौजूद रहे।

नई अधिकृत कॉलोनियों में दो दिन में सर्वे पूरा कर शुरू करें स्ट्रीट लाईट लगाने का कार्य।
निगमायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र की नई अधिकृत कॉलोनियों में स्ट्रीट लाईट लगाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। सहायक अभियंता ने बताया कि इस संबंध में एच.पी.एल. एजेंसी द्वारा सर्वे का कार्य किया जा रहा है। इस पर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर सर्वे का कार्य पूरा करवाकर स्ट्रीट लाईट लगाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, ताकि नई अधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों को भी बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिल सके और आगामी त्यौहारी सीजन के दौरान ये क्षेत्र भी रोशनी से जगमगा सकें। उन्होंने गुरूनानक पुरा क्षेत्र में भी स्ट्रीट लाईट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
स्ट्रीट लाईट से संबंधित 5 कार्यों में से 4 के टेंडर जारी।
उन्होंने नगर निगम हाऊस की बैठक में स्वीकृत स्ट्रीट लाईट से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। सहायक अभियंता ने बताया कि स्ट्रीट लाईट से संबंधित कुल 5 कार्यों में से 4 कार्यों के टेंडर लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष एक कार्य का अनुमान तकनीकी मूल्यांकन प्रक्रिया में है। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द से जल्द आगे बढ़ाया जाए तथा जहां आवश्यक हो, वहां कार्य शुरू करवाने में अनावश्यक देरी न हो।
129 सीसीटीवी कैमरों में से 127 चालू, दो को किया जा रहा दुरुस्त।
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने शहर में नगर निगम द्वारा स्थापित 129 सी.सी.टी.वी. कैमरों की स्थिति की भी जानकारी ली। अभियंताओं ने बताया कि इनमें से 127 कैमरे सही कंडीशन में कार्य कर रहे हैं, जबकि शेष 2 कैमरों को दुरुस्त करवाने की प्रक्रिया जारी है। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि खराब कैमरों को जल्द दुरुस्त करवाया जाए तथा शहर में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की नियमित रूप से जांच सुनिश्चित की जाए।
29 हाई मास्ट लाईटें लग चुकीं, शेष 11 का कार्य 10 दिन में पूरा करने के निर्देश।
उन्होंने शहर के प्रत्येक वार्ड में 2-2 हाई मास्ट लाईटें लगाने के कार्य की भी समीक्षा की। अभियंताओं ने बताया कि इस कार्य के तहत अब तक 29 हाई मास्ट लाईटें लगाई जा चुकी हैं, जबकि शेष 11 हाई मास्ट लाईटें लगाने का कार्य प्रगति पर है। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष हाई मास्ट लाईटों का कार्य अधिकतम 10 दिनों में पूरा करवाया जाए, ताकि शहर के सभी वार्डों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
स्ट्रीट लाईट, हाई मास्ट, बोलार्ड व डेकोरेटिव लाईटें चालू हालत में रहें।
निगमायुक्त ने विद्युत शाखा के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में लगी सभी स्ट्रीट लाईट, हाई मास्ट लाईट, बोलार्ड तथा डेकोरेटिव लाईटें सही एवं चालू हालत में रहनी चाहिएं। उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए मुख्य सडक़ों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा पार्कों में लगी लाईटों की विशेष रूप से जांच की जाए। उन्होंने एच.पी.एल. एजेंसी को सख्त निर्देश जारी करने तथा एजेंसी द्वारा प्रकाश व्यवस्था के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि शहर की रोशनी व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित रूप से शहर का निरीक्षण कर स्ट्रीट लाईटों एवं अन्य प्रकाश उपकरणों की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए।
स्ट्रीट लाईट की शिकायतों का 24 घंटे में हो समाधान।
निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों द्वारा स्ट्रीट लाईट से संबंधित दर्ज करवाई जाने वाली शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित 24 घंटे के समय के भीतर शिकायतों का निवारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में शिकायत का समाधान नहीं करने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार पेनल्टी की कार्रवाई की जाए।
निगमायुक्त ने नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट खराब है या प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या है तो इसकी सूचना नगर निगम को दें। नागरिक शिकायत नंबर 0184-2200600 तथा नगर निगम के टोल फ्री नंबर 18001802700 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के अलावा भी नियमित फील्ड निरीक्षण किया जाए और यदि कहीं लाईट खराब या बंद पाई जाती है तो उसे तुरंत दुरुस्त करवाया जाए।


