पटना: जेडीयू से दूरी बनाने के बाद पूर्व विधायक गोपाल मंडल अब कांग्रेस का हाथ थामने की तैयारी में हैं। कांग्रेस में शामिल होने से पहले उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक साथी नीतीश कुमार को ‘मेंटर’ बताया, लेकिन साथ ही जेडीयू में उनकी पकड़ कमजोर होने का दावा भी किया।
गोपाल मंडल ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं से दिल्ली से पटना तक बातचीत हो चुकी है। उनका कहना है कि अब वह विधानसभा की राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि सीधे संसद का चुनाव लड़कर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी भूमिका बनाना चाहते हैं।
गोपाल मंडल ने जेडीयू के भविष्य को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी अब कमजोर हो चुकी है और बीजेपी उसका फायदा उठा रही है। वहीं, उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर महंगाई समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
चार बार गोपालपुर से विधायक रह चुके गोपाल मंडल को 2025 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने टिकट नहीं दिया था। इसके बाद से ही उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज थीं। अब कांग्रेस में उनकी संभावित एंट्री के साथ बिहार की सियासत में एक नया समीकरण बनता दिख रहा है।
आशुतोश झा

