बिहार

वीएसजे कॉलेज, राजनगर, मधुबनी की एनएसएस इकाई द्वारा एनएसएस स्थापना दिवस सह स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित

एनएसएस समाजसेवा के माध्यम से व्यक्तित्व के विकास का प्रमुख आधार, जिससे चरित्र-निर्माण एवं मानवीय गुणों का विकास संभव- डॉ चौरसिया

 

मधुबनी:विश्वेश्वर सिंह जनता महाविद्यालय, राजनगर, मधुबनी की एनएसएस इकाई के द्वारा प्रधानाचार्य प्रो आलोक पाठक के निर्देशन एवं कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ बिभा कुमारी के संयोजन में 24 सितम्बर से 3 अक्टूबर, 2026 के बीच राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस सह स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का सफल आयोजित किया गया। कार्यक्रम के समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने एनएसएस लक्ष्य गीत- “उठें समाज के लिए उठें उठें…” के गायन के साथ पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ कॉलेज परिसर में पूर्ण स्वच्छता लाने के लिए सामूहिक श्रमदान किया। स्वच्छता अभियान में पर्यावरण के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बागवानी और पौधारोपण पर विशेष बल दिया गया। इस पन्द्रह दिनों के कार्यक्रम में विविध गतिविधियों के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी की। 

समापन सत्र का आयोजन हाइब्रिड मोड में किया गया, जिसमें ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के एनएसएस समन्वयक- प्रथम डॉ आर एन चौरसिया ने मुख्य अतिथि के रूप में आभासी रूप में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना में स्वयंसेवक के रूप में जुड़ने से छात्र-युवाओं को राष्ट्र-निर्माण में सुनियोजित भागीदारी और बेहतरीन ढंग से समाजसेवा करने की प्रेरणा मिलती है। एनएसएस राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों को सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपने समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने एनएसएस को समाजसेवा के माध्यम से व्यक्तित्व के विकास का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि इससे चरित्र निर्माण एवं मानवीय गुणों का विकास होता है। भारत युवाओं का राष्ट्र है, क्योंकि पूरे विश्व में युवाओं की सर्वाधिक संख्या यहीं है। विदेशों में भी हमारे युवाओं ने अपने अनुशासन, कार्य कौशल एवं जागरूकता से अपनी एक विशेष पहचान बनाया है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे सुजीत कुमार, डीएसपी, ट्रैफिक पुलिस, मधुबनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एनएसएस के लोगो और ध्येय वाक्य के संबंध में भी चर्चा-परिचर्चा की। अपने वक्तव्य के पश्चात् ट्रैफिक नियमों के प्रति भी जागरूक किया। वहीं द्वितीय विशिष्ट अतिथि प्रमोद सर्राफ, वरिष्ठ पत्रकार, मधुबनी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए इस कॉलेज में एनएसएस इकाई की निरंतर सक्रियता पर प्रसन्नता व्यक्त की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रा- काजल, आरती, माला कुमारी ने अपनी संगीत कला से सबका मन मोह लिया। सभी आमंत्रित अतिथि, प्राध्यापक एवं स्वयंसेवकों ने कॉलेज के बगीचे में पौधारोपण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह आईक्यूएसी निदेशक डॉ राजकुमार राय, बर्सर सह भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ विशाल, मैथिली विभाग के प्राध्यापक डॉ सुरेन्द्र दास, एनसीसी के सीटीओ सह भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ राजीव शर्मा, दर्शनशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ मो असलम, राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ संजय कुमार साहू आदि प्राध्यापकों ने छात्रों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथि स्वागत एनएसएस पदाधिकारी डॉ बिभा कुमारी ने किया। कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रगीत एवं समापन राष्ट्रगान से हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *