वायरल वीडियो

NIT कालीकट में SPIC MACAY का ओरिएंटेशन: कथकली की मनमोहक प्रस्तुति ने बांधा समां

 

वीडियो सौजन्य: डॉ. सुनील कुमार मिश्रा

 

NIT कालीकट में SPIC MACAY ओरिएंटेशन प्रोग्राम के तहत कथकली की दिव्य प्रस्तुति हुई। गुरु श्री कलामंडलम बालसुब्रमण्यम आसां के नेतृत्व में कलाकार श्री कलामंडलम अरविंद ने भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायन में बाबू नंबूथिरी और श्रीजित मारार, वादन में नितिन कृष्णा और प्रशांत ने संगत की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय शास्त्रीय कला से जोड़ना रहा।

डेस्क:  NIT कालीकट में भारतीय शास्त्रीय कलाओं को बढ़ावा देने वाली संस्था SPIC MACAY के ओरिएंटेशन प्रोग्राम का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर केरल की प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्य-नाट्य कला कथकलीकी विशेष प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

 

कार्यक्रम में प्रख्यात कथकली गुरु श्री कलामंडलम बालसुब्रमण्यम आसां के सान्निध्य में कथकली की सूक्ष्मताओं और परंपरा को जीवंत किया गया। मुख्य भूमिका में श्री कलामंडलम अरविंद ने अपने सशक्त अभिनय, भाव-भंगिमाओं और मुद्राओं से पौराणिक कथा को मंच पर साकार कर दिया।

 

प्रस्तुति को संगीतमय बनाने में श्री कलामंडलम बाबू नंबूथिरी और श्री कलामंडलम श्रीजित मारार ने अपनी मधुर गायकी से स्वर दिए, जबकि ताल-वाद्यों पर *श्री कलामंडलम नितिन कृष्णा (चेंडा) और श्री कलामंडलम प्रशांत (मद्दलम) की जुगलबंदी ने पूरे सभागार में ऊर्जा भर दी।

 

कथकली की आत्मा कहे जाने वाले श्रृंगार और वेशभूषा की जिम्मेदारी श्री कलामंडलम राजेश और श्री कलामंडलम चिनोश बालान ने बखूबी निभाई, वहीं ग्रीनरूम व्यवस्था में श्रीमती सुमा बालसुब्रमण्यम का सहयोग रहा।

 

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को कथकली के मेकअप, मुद्राओं और उसके पीछे के आध्यात्मिक अर्थ के बारे में विस्तार से बताया गया। SPIC MACAY का यह प्रयास नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

प्रस्तुतकर्ता – डॉ. सुनील कुमार मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *