डेस्क: मिस्त्र (Egypt) के कई इलाके भूकंप (Earthquake) के झटकों से दहल गए. यहां सोमवार सुबह (तड़के) भूमध्य सागर में 5.4 तीव्रता (5.4 magnitude) का भूकंप आया. जर्मनी के भू-विज्ञान अनुसंधान केंद्र (GFZ) के अनुसार, भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर था और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई. भूकंप के झटके मिस्र के कई इलाकों में महसूस किए गए, जिसके बाद प्रशासन और राहत एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं.
भूकंप के बाद मिस्र रेड क्रिसेंट (Egyptian Red Crescent) ने जिन प्रांतों में झटके महसूस किए गए, वहां अपनी आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना सक्रिय कर दी. संगठन ने बताया कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार अब तक किसी व्यक्ति के हताहत होने या संपत्ति को बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है. हालांकि, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
रेड क्रिसेंट ने लोगों से अपील की है कि जिन इमारतों में संरचनात्मक क्षति के संकेत दिखाई दें, उनसे दूर रहें. साथ ही नागरिकों से केवल सरकारी एजेंसियों और आधिकारिक स्रोतों की ओर से जारी निर्देशों और अपडेट का ही पालन करने को कहा गया है. भूकंप के प्रभाव का आकलन करने के लिए संबंधित एजेंसियां लगातार सर्वे कर रही हैं. प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. शुरुआती जांच में किसी बड़े नुकसान या गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है.
इस बीच मिस्र के अधिकारियों ने भूकंप के केंद्र को लेकर संशोधित जानकारी जारी की है. नई जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र स्वेज (Suez) शहर से लगभग 38 किलोमीटर दूर भूमध्य सागर क्षेत्र में स्थित था. प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

