रिपोर्ट/निशांत झा :
दरभंगा जिले के माँ श्यामा मंदिर परिसर स्थित माँ श्यामा जानकी विवाह भवन की वर्तमान स्थिति को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह वीडियो मुझे व्हाट्सएप पर समाजसेवी उज्ज्वल जी के माध्यम से प्राप्त हुआ है, वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य विवाह भवन के रखरखाव और संचालन पर कई सवाल खड़े करते हैं।
वीडियो में विवाह भवन की टूटी हुई खिड़कियाँ, उखड़ी हुई टाइल्स, नाले के पानी से उत्पन्न गंदगी, परिसर में खोदे गए गड्ढे तथा अन्य अव्यवस्थाएँ दिखाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन के रखरखाव की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जबकि विवाह भवन का बुकिंग शुल्क पहले की तुलना में लगभग डेढ़ गुना बढ़ा दिया गया है।
चर्चा यह भी है कि राज्यसभा सांसद श्री संजय कुमार झा के विज़न से निर्मित इस विवाह भवन का एक हिस्सा श्यामा थाली एवं श्यामा भोग के रसोईघर (किचन) के रूप में उपयोग किया जा रहा है। वहीं, न्यास समिति के निर्णय से निर्मित माँ श्यामा भंसा घर का उपयोग वातानुकूलित कार्यालय के रूप में किए जाने की भी बात कही जा रही है।
विडंबना यह है कि माँ श्यामा भंसा घर के उद्घाटन का बैनर आज भी परिसर में लगा हुआ दिखाई देता है। उल्लेखनीय है कि इसका विधिवत उद्घाटन माँ श्यामा मंदिर न्यास समिति के संरक्षक सह विधायक श्री संजय सरावगी, तत्कालीन जिलाधिकारी एवं न्यास समिति के पदेन सचिव श्री राजीव रौशन तथा अन्य न्यासी सदस्यों की उपस्थिति में किया गया था।
यदि वीडियो में दिखाई गई स्थिति वर्तमान और सही है, तो यह माँ श्यामा मंदिर न्यास समिति एवं संबंधित प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय है। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की अपेक्षा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर विवाह भवन का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसकी गरिमा और जनसुविधा दोनों बनी रहें।

