दरभंगा, 28 जुलाई 2026 :आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में प्रमंडल स्तरीय ग्रामीण कार्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों में संचालित ग्रामीण सड़क एवं पुल निर्माण से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान आयुक्त महोदय ने पिछले वर्ष की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी लंबित एवं प्रगति पर चल रही योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
मानसून एवं बाढ़ की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आयुक्त महोदय ने अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग को निर्देश दिया कि अगामी बाढ़ एवं जलजमाव से क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर मोटरेबल बनाना सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बाधित न हो। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा आवश्यकतानुसार त्वरित मरम्मत कार्य कराया जाए।
आयुक्त महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को पुल, पुलिया एवं कलवर्ट की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे तथा जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि समय पर साफ-सफाई होने से सड़क संरचनाओं की सुरक्षा के साथ-साथ आवागमन भी सुगम रहेगा।
बैठक में प्रगति यात्रा, सुलभ संपर्क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना सहित ग्रामीण कार्य विभाग की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता तथा लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयुक्त महोदय ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने, निर्माणाधीन एवं पूर्ण योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अभियंताओं की नियमित निगरानी से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और आम जनता को योजनाओं का समय पर लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा हर हाल में सुचारु बनी रहनी चाहिए तथा किसी भी सड़क, पुल अथवा पुलिया की खराब स्थिति के कारण आमजन को असुविधा न हो। सभी संबंधित अभियंता इस दिशा में पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में संयुक्त आयुक्त के सचिव श्री सुशील कुमार मिश्रा, सहायक निदेशक (योजना) सुश्री प्रीति कुमारी सहित दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों के ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

