दरभंगा, 11 सितंबर 2026 :- आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमंडलीय सभागार, दरभंगा में शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दरभंगा प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, तीनों जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सर्वप्रथम भूमिहीन, भवनहीन एवं जर्जर भवन वाले विद्यालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त महोदय ने ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
उन्होंने विद्यालयों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों सहित अन्य विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को दिया।
उन्होंने कस्तूरबा विद्यालयों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सदैव सक्रिय एवं कार्यशील रखने तथा विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन एवं उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालयों में चहारदीवारी, स्वच्छ पेयजल, कार्यशील शौचालय, नियमित साफ-सफाई तथा सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का वातावरण स्वच्छ, सुरक्षित एवं विद्यार्थियों के अनुकूल होना चाहिए, ताकि बच्चे निर्भीक होकर नियमित रूप से विद्यालय आएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें।
आयुक्त महोदय ने रोस्टर के अनुसार प्रत्येक सप्ताह एक-एक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा को दिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, आवासीय सुविधा, भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की गहनता से समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने जर्जर अवस्था में पहुंच चुके विद्यालय भवनों का भी भौतिक सत्यापन एवं चिन्हांकन कराने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान आयुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी को आवासीय छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में रह रहे बच्चे नियमित रूप से पढ़ाई कर रहे हैं या नहीं, उन्हें भोजन, पेयजल, शौचालय, बिजली, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं, इसकी नियमित जांच की जाए। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का भी आकलन करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में सहयोग पोर्टल पर लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त महोदय ने तीनों जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को सहयोग पोर्टल पर लंबित आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही उन्होंने बीआरसी (प्रखंड संसाधन केंद्र) का भी नियमित निरीक्षण करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दिया।
आयुक्त महोदय ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का अंतिम उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने पदाधिकारियों को विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण करते हुए जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में आयुक्त के सचिव श्री सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, सहायक निदेशक योजना सुश्री प्रीति कुमारी सहित दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों के शिक्षा विभाग के वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

