राष्ट्रीय

BJP में शामिल हुए मृत्युंजय तिवारी, कुछ दिन पहले RJD से इस्तीफा दिया था

डेस्क: कुछ दिन पहले आरजेडी से इस्तीफा देने वाले मृत्युंजय तिवारी बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बीजेपी दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम में मृत्युंजय तिवारी को बीजेपी की सदस्यता दिलायी गयी। उन्होंने 16 जुलाई को आरजेडी प्रवक्ता समेत पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया था। बीजेपी में शामिल होने से पहले उन्होंने कहा कि उन्हें आरजेडी में सम्मान नहीं मिल रहा था और वह किसी पद के लालच में बीजेपी में शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक पार्टी के किसी भी पद की बात है, मैंने कभी उसकी चाहत नहीं रखी। अपनी 20 साल की सर्विस में मुझे अपनी पुरानी पार्टी से जरा सी भी पहचान नहीं मिली, न ही मैंने कोई पद मांगा। मैंने हमेशा सम्मान को महत्व दिया है। मैंने आत्म-सम्मान की लड़ाई में पार्टी छोड़ी और एक ऐसी पार्टी में शामिल हुआ जहां मुझे विश्वास है कि मेरा सम्मान किया जाएगा।

पटना में बीजेपी कार्यालय में पार्टी की सदस्यता लेने के बाद जब मृत्युंजय से पूछा गया कि आरजेडी छोड़ने के बाद उनके पास कई विकल्प थे, लेकिन उन्होंने बीजेपी को ही क्यों चुना? इसके जवाब में उन्होंने कहा, “बीजेपी देश और देश के हित में काम कर रही है। यह हमारे धर्म की रक्षा के लिए काम कर रही है। हमने देश को बांटने और लूटने वालों के बजाय, देश, राज्य और हमारे धर्म की रक्षा के लिए काम करने वालों के साथ खड़े होने का फैसला किया है। हमने उन लोगों से भी अलग होने का फैसला किया है, जो धर्म के नाम पर लोगों को भड़काते हैं और देश की 80 परसेंट हिंदू आबादी के लिए बोलने के बजाय, सिर्फ बाकी 20 परसेंट को खुश करने पर ध्यान देते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *