दरभंगा

मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, स्कूटी सवार गिरफ्तार

 

स्कूटी से 23.400 लीटर तथा पोखर के आस-पास झाड़ियों से 925.500 लीटर देशी नेपाली शराब जब्त

 

अवैध शराब के विरुद्ध जिले में लगातार चलाया जा रहा सघन छापेमारी एवं जाँच अभियान

 

 

दरभंगा, 24 अक्टूबर 2026 :- आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं सेवन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा लगातार सघन छापेमारी, वाहन जाँच एवं गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।

 

इसी क्रम में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को देशी नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया। साथ ही, गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर समीप स्थित पोखर से भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद की गई।

 

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरा के निकट वाहन जाँच के दौरान मद्यनिषेध टीम ने सदर प्रखंड के काकरघाटी निवासी शम्भू कुमार यादव को उनकी स्कूटी से *23.400 लीटर देशी नेपाली शराब* के साथ पकड़ा। कार्रवाई के दौरान संबंधित दुपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

 

गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ के क्रम में मिली जानकारी एवं उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से लगभग 200 मीटर आगे स्थित एक पोखर के आस-पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई *925.500 लीटर देशी नेपाली शराब* बरामद की गई। इस प्रकार उक्त कार्रवाई में कुल *948.900 लीटर देशी नेपाली शराब* जब्त की गई है।

 

मद्यनिषेध विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में मद्यनिषेध विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित क्षेत्रों में निगरानी एवं जाँच अभियान को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

 

*उन्होंने आम नागरिकों से अपील किया कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग या प्रशासन को सूचित करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *