अन्य

जंतर मंतर पर सुरक्षा सख्त: गृह मंत्रालय का बड़ा आदेश, डेढ़ किमी के दायरे में रात 12 बजे तक बंद रही मोबाइल इंटरनेट सेवा

नई दिल्ली: जंतर मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए गृह मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया। मंत्रालय के निर्देश पर 23 जुलाई को जंतर मंतर के करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद रखने के आदेश जारी किए गए। सुरक्षा एजेंसियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया।

प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और सुरक्षा चिंताओं के मद्देनज़र पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। विरोध स्थल के आसपास मोबाइल जैमर भी सक्रिय किए गए। अधिकारियों के मुताबिक हाल के दिनों में हुई झड़पों में दो एसीपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिसके बाद अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

इस बीच, कनॉट प्लेस में भी एहतियात के तौर पर दुकानें, दफ्तर और रेस्टोरेंट शाम 6:30 बजे तक बंद रखने की सलाह दी गई। न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने बताया कि एनडीएमसी के अधिकारियों से मिले निर्देशों के बाद व्यापारियों से सहयोग करने और समय से प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

उधर, प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर एनआईए जांच की मांग वाली जनहित याचिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए संस्थाओं का इस्तेमाल कर सकती है। दास ने कहा कि अदालतों को राजनीतिक विवादों का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए और लोकतांत्रिक तरीके से संवाद ही समाधान का रास्ता है।

फिलहाल, जंतर मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *