डेस्क : बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति सियासी चर्चा का विषय बन गई है। सत्ता पक्ष ने इसे लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा और जदयू के नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करने के बजाय विदेश यात्रा पर हैं।
नीरज कुमार का तंज- ‘क्या अमेरिका-ईरान विवाद सुलझाने गए हैं?’
जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी पर व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वे शायद अमेरिका-ईरान विवाद सुलझाने गए हैं, क्योंकि संयुक्त राष्ट्र (यूएन) भी उसे हल नहीं कर पा रहा है।
उन्होंने आगे कहा, ‘किस ग्रह पर हैं, इसकी जानकारी राजद को भी नहीं है। अब नई बात यह सुनने को मिल रही है कि उनकी आत्मा सदन में प्रवेश कर गई है। यह दावा राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने किया है। आत्मा कैसे पहुंच गई, इसका मैकेनिज्म हमें भी समझ में नहीं आया।’
भाजपा विधायक ने उठाया संवैधानिक दायित्व का सवाल
विधानसभा के भीतर भाजपा विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने भी नेता प्रतिपक्ष की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘बिहार की जनता जानना चाहती है कि नेता प्रतिपक्ष विकसित बिहार के संकल्प में योगदान देने के बजाय क्या अमेरिका-ईरान युद्ध में मध्यस्थता कर रहे हैं या कहीं आराम से समय बिता रहे हैं। जनता को इसका जवाब मिलना चाहिए।’
राजद ने किया बचाव
सत्ता पक्ष के हमलों के बीच राजद ने तेजस्वी यादव का बचाव किया। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि तेजस्वी यादव विदेश यात्रा पर हैं, लेकिन इससे पार्टी के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा, ‘वे नहीं हैं तो क्या हुआ, राजद का हर कार्यकर्ता तेजस्वी है।” इससे पहले उन्होंने यह भी कहा था कि नेता प्रतिपक्ष की “आत्मा सदन में मौजूद है।
यूरोप दौरे पर बताए जा रहे हैं तेजस्वी
गौरतलब है कि मानसून सत्र शुरू होने से पहले ही तेजस्वी यादव विदेश रवाना हो गए थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह इन दिनों यूरोप दौरे पर हैं। हालांकि, उनकी यात्रा के कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
तेजस्वी की अनुपस्थिति को लेकर सत्ता पक्ष लगातार सवाल उठा रहा है, जबकि राजद का कहना है कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ सदन में अपनी भूमिका निभा रही है।

