बिहार

बिहार: महज ₹10 हजार के लिए गुजराती युवक को बनाया बंधक, नेटवर्किंग कंपनी के प्रतिनिधि को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

डेस्क:  सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा स्थित नेटवर्किंग मार्केटिंग कंपनी में गुजरात के एक युवक को बंधक बनाकर रखे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने छापामारी कर उन्हें मुक्त करा लिया है।

इस मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया गया। बंधक बनाए गए गुजरात के सुरेंद्रनगर निवासी मुकेश भाई के स्वजनों की शिकायत के बाद गुजरात पुलिस की सूचना पर यह कार्रवाई हुई है।

 

मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि गुजरात पुलिस के माध्यम से सूचना मिली कि सुरेंद्र नगर निवासी मुकेश भाई को पैसों के लिए एक मार्केटिंग कंपनी द्वारा बंधक बनाकर कई दिनों से रखा गया है।

 

उनके स्वजनों से राशि की मांग की जा रही है। गुजरात पुलिस में स्वजनों द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने बेदा स्थित एक किराए के मकान में चल रही नेटवर्क कंपनी के कार्यालय में छापेमारी की और मुकेश भाई को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया।

 

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

 

वहीं, नेटवर्किंग कंपनी के प्रतिनिधि मो. इरफान को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई और उसे जेल भेज दिया गया। इरफान सहरसा जिला का रहने वाला है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इरफान व कंपनी के प्रतिनिधि मुकेश भाई से 10 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। पैसे न देने पर उन्हें बंधक बना लिया था।

 

जिसके बाद उनके स्वजन को फोन कर पैसा भेजने का दबाव बना रहे थे तथा राशि लेने के बाद ही उन्हें मुक्त करने की बात कह रहे थे। जांच के दौरान मुफस्सिल थाना पुलिस ने नेटवर्किंग कंपनी के प्रोडक्ट्स के संबंध में भी जानकारी जुटाई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों को भी चिह्नित कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *