पटना : खान सर और ज्ञान बिंदु के रौशन आनंद के बीच चल रहे विवाद को एक बार फिर हवा मिल गई है। हाल में ही खान सर ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में अपने ऊपर लगे लगभग हर बड़े आरोप का जवाब दिया।
बातचीत के दौरान उन्होंने दो आधार कार्ड रखने के आरोप, नकद फीस लेने के दावे, पुराने साथियों से विवाद, अंजना ओम कश्यप से जुड़ी टिप्पणी, पढ़ाने के तरीके, परिवार से जुड़े आरोप और सोशल मीडिया पर वायरल पुराने बयानों पर खुलकर अपनी बात रखी।
पॉडकास्ट में पूछे गए तीखे सवाल
इंटरव्यू में कई तीखे सवाल पूछे गए, कई सवालों का जवाब खान सर ने बिना बचते हुए जवाब दिया। उन्होंने कुछ मामलों में अपनी गलती स्वीकार की, जबकि कई आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में अदालत से जमानत मिलने के कुछ दिन बाद सामने आए इस पॉडकास्ट ने एक बार फिर पूरे विवाद को सुर्खियों में ला दिया। सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है।
दो आधार कार्ड रखने के आरोप को बताया गलत
पॉडकास्ट में खान सर से पूछा गया कि उन पर दो आधार कार्ड रखने का आरोप क्यों लगाया जा रहा है। इस पर उन्होंने साफ कहा कि यह दावा पूरी तरह गलत है। उन्होंने बताया कि कभी-कभी किराए पर कमरा लेने के लिए उन्होंने अमित सिंह नाम का इस्तेमाल किया था, लेकिन उनके पास दो अलग-अलग आधार कार्ड होने की बात सच नहीं है। खान सर ने कोचिंग और अस्पताल में केवल नकद भुगतान लेने के आरोपों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें बिना किसी आधार के फैलाई जा रही हैं और इनका सच से कोई संबंध नहीं है।
प्रिंस से जुड़े सवाल पर भी दिया जवाब
रौशन आनंद के दिवंगत भाई प्रिंस का जिक्र होने पर खान सर ने कहा कि उनके खिलाफ पहले से अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में केस दर्ज थे। जब एंकर ने पूछा कि किसी दिवंगत व्यक्ति के बारे में इस तरह की बात कहना सही है या नहीं, तो उन्होंने जवाब दिया कि वह सिर्फ जांच से जुड़ी जानकारी बता रहे हैं। उनका कहना था कि उन्हें गलत तरीके से पूरे मामले का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
जमानत मिलने के बाद सामने आया इंटरव्यू
कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में 13 जुलाई को खान सर उर्फ फैजल खान, उनके दोनों बॉडीगार्ड और तीन अन्य स्टाफ को अदालत से जमानत मिली थी। इसके कुछ समय बाद यह लंबा पॉडकास्ट सामने आया, जिसने पूरे मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया। इंटरव्यू की शुरुआत में शुभंकर मिश्रा ने पूछा कि इतने बड़े विवाद के बाद पहली बार बोलने के लिए उन्होंने उनका मंच ही क्यों चुना। इस पर खान सर ने कहा कि उन्हें यह पसंद है कि यहां किसी भी मेहमान से बिना झिझक सीधे और कठिन सवाल पूछे जाते हैं। उनके मुताबिक, लोगों के मन में जो सवाल होते हैं, उन्हें सामने रखा जाता है और जवाब देने का पूरा मौका मिलता है।
बातचीत के दौरान एक ऐसे शिक्षक का जिक्र हुआ, जिनके लिए खान सर ने कभी मुखिया चुनाव में प्रचार किया था, लेकिन बाद में वही उनके खिलाफ वीडियो बनाने लगे। इस पर खान सर ने कहा कि उन्होंने हमेशा रिश्ते दिल से निभाए, लेकिन बाद में कुछ लोगों ने उनका साथ छोड़ दिया। इसी दौरान उन्होंने एक विवादित टिप्पणी भी की, जिसे बाद में शायरी बताते हुए कहा कि उनका इरादा किसी शिक्षक का अपमान करना नहीं था। खान सर ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि शिक्षा को व्यापार बनाने की सोच से है। उनके अनुसार, भारत में गुरु और छात्र का रिश्ता हमेशा सम्मान का रहा है और पढ़ाई को सिर्फ कमाई का साधन नहीं बनना चाहिए।
अंजना ओम कश्यप विवाद पर मानी अपनी गलती
इंटरव्यू में अंजना ओम कश्यप से जुड़े पुराने विवाद पर भी सवाल हुआ। खान सर ने माना कि उस समय उनकी भाषा जरूरत से ज्यादा सख्त थी। उन्होंने कहा कि सामने से भी उनके लिए अपमानजनक बातें कही गई थीं, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि कुछ शब्द नहीं बोलने चाहिए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक न्यूज चैनल ने विवाद के दौरान उनका घर दिखाकर उनकी निजता को नुकसान पहुंचाया। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी कुछ बातें मर्यादा से बाहर चली गई थीं।
‘आज भी रोज सुबह 7 बजे क्लास लेता हूं’
जब उन पर पढ़ाई से ज्यादा प्रचार करने का आरोप लगा तो खान सर ने इसे गलत बताया। उन्होंने कहा कि वे आज भी रोज सुबह 7 बजे क्लास लेते हैं और औसतन 8 से 10 घंटे तक पढ़ाते हैं। उनके मुताबिक, उनका सबसे बड़ा काम छात्रों को पढ़ाना है और वही उनकी पहली जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया पर चल रही इस आलोचना पर कि कोर्स बिकने के बाद उनकी पढ़ाई कम हो गई है, खान सर ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि वह बेहतर पढ़ा सकता है तो उसके लिए पूरा मौका खुला है। उन्होंने कहा कि छात्र खुद तय करते हैं कि कौन अच्छा पढ़ाता है।
रिश्तेदारों के आरोपों पर भी बोले खान सर
खान सर ने उन लोगों के दावों को भी खारिज किया, जो खुद को उनका रिश्तेदार बताकर मीडिया में बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को उनका चाचा बताया जा रहा है, उनका उनसे कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। उनके मुताबिक, गांव के कुछ लोग उनकी सफलता से खुश नहीं हैं और इसी वजह से इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
पुराने वायरल वीडियो पर दी सफाई
इंटरव्यू में मुस्लिम समुदाय को लेकर वायरल हुए पुराने वीडियो का भी जिक्र हुआ। खान सर ने कहा कि विमान अपहरण से जुड़े एक मामले को समझाते समय उनसे शब्दों के इस्तेमाल में गलती हुई थी। उनका कहना था कि उन्हें पूरा नाम लेना चाहिए था, लेकिन सिर्फ “अब्दुल” शब्द बोलने से उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने साफ कहा कि उनका किसी धर्म विशेष को निशाना बनाने का इरादा नहीं था। बातचीत के आखिर में पाकिस्तान को लेकर दिए गए उनके पुराने बयान का भी जिक्र हुआ। इस पर खान सर ने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी राय पहले जैसी ही है और उसमें कोई बदलाव नहीं आया है।

