उत्तर प्रदेश

नोएडा : दो शातिर चोर गिरफ्तार, 49 चोरी के मोबाइल और दो चाकू बरामद

डेस्क:नोएडा । गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में चोरी किए गए कुल 49 मोबाइल फोन तथा दो चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-18 स्थित पार्क के सामने से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान विक्की पुत्र मुकेश निवासी मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज, दिल्ली तथा आसिफ पुत्र आशु निवासी राशिद अली गेट, लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 49 चोरी के मोबाइल और दो चाकू बरामद किए गए। बरामद मोबाइल फोन की जांच करने पर पता चला कि इनमें से एक वीवो कंपनी का मोबाइल थाना सेक्टर-24 में दर्ज एक चोरी के मुकदमे से संबंधित है। इसके अलावा दोनों आरोपियों ने थाना सेक्टर-20 में दर्ज एक अन्य मोबाइल चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विक्की टैक्सी चलाने का काम करता है, जबकि आसिफ कपड़ों की फेरी लगाने का कार्य करता है। दोनों भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की लापरवाही का फायदा उठाकर मौका मिलते ही मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे। चोरी के मोबाइलों को बाद में बेचकर आर्थिक लाभ कमाना मुख्य उद्देश्य था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अन्य मोबाइल फोन किन-किन मामलों से जुड़े हैं और इन्हें कहां बेचने की तैयारी थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। विक्की के खिलाफ दिल्ली और गौतमबुद्धनगर में लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट तथा चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आसिफ के खिलाफ भी गौतमबुद्धनगर और मथुरा में चोरी एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। इससे स्पष्ट है कि दोनों शातिर अपराधी हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे।
फिलहाल थाना सेक्टर-20 पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों और मोबाइल चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *