डेस्क:उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में रविवार देर रात चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई, जिसके बाद वहां फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को रात करीब दो बजकर तीन मिनट पर लॉरेंस रोड स्थित एक रिहायशी इमारत में आग लगने की सूचनाएं मिलीं। इसके बाद मौके पर दो दमकल वाहन, पानी के दो टैंकर और एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन भेजा गया। दमकल कर्मियों ने इमारत की छत पर फंसे गौरव (28), कैरा (25) और इंदु बत्रा (55) को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। डीएफएस के एक अधिकारी के अनुसार, आग केवल इमारत के भूतल पर लगे 24 बिजली मीटरों तक ही सीमित रही। इस इमारत में भूतल सहित चार मंजिलें हैं। अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग ने करीब ढाई बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिसके साथ ही राहत एवं बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
एक अलग घटना में, 24 जून को राजधानी के उद्योग भवन इलाके के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई, जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, आग बुझाने के लिए करीब 20 फायर फाइटिंग यूनिट्स को मौके पर भेजा गया। ANI से बात करते हुए फायर ऑफिसर संदीप दुग्गल ने बताया कि प्रभावित इलाका सेना भवन के पास है और इसका इस्तेमाल मजदूरों के लिए अस्थायी रहने की जगह के तौर पर किया जा रहा था।
उन्होंने कहा, “यह सेना भवन के पास है और मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी निर्माण है। उनका कैंप यहीं लगा है। यहां छोटे LPG सिलेंडर इस्तेमाल हो रहे हैं और अंदर बिजली के तार भी फैले हुए हैं, इसलिए हम आग लगने की सही वजह नहीं बता सकते, लेकिन इन दोनों में से कोई एक वजह हो सकती है। इसमें करीब 25 गाड़ियां शामिल थीं… आग बुझाने में करीब तीन घंटे लगे।” सोमवार तड़के दिल्ली के केशव पुरम इलाके में एक मीटर बोर्ड में आग लग गई, जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की।

