डेस्क: अमेरिका के सबसे प्रभावशाली प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गजों में शुमार एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग को विवाहेतर संबंधों से जुड़े विवाद के बाद अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है। इस पूरे घटनाक्रम ने जासूसी की एक सदियों पुरानी रणनीति ‘हनी ट्रैप’ यानी प्रेमजाल के जरिये किसी को फंसाकर उससे गोपनीय सूचनाएं हासिल करने के हथकंडे की ओर भी दुनिया का ध्यान खींचा है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, हुआंग ने सिंगापुर में रहने वाली कारोबारी अधिकारी एलिस हुआंग के साथ विवाहेतर संबंध स्वीकार किए हैं। एलिस पर चीन की खुफिया एजेंसियों से कथित संबंध होने का संदेह जताया गया है। वह इससे पहले ‘मेगास्पीड’ नामक क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी में काम कर चुकी हैं। इस कंपनी पर चीन को प्रतिबंधित एआई चिप हासिल करने में कथित तौर पर मदद पहुंचाने के आरोप में अमेरिका की नजर रही है।
खबरों के मुताबिक, हुआंग ने एक अन्य महिला के साथ भी संबंध होने की बात स्वीकार की है, जो एनवीडिया में उनके अधीनस्थ के रूप में काम करती हैं। इसके बाद उन्होंने 12 नवंबर, 2026 को कंपनी के निदेशक मंडल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। हुआंग की भूमिका और उनके काम की संवेदनशीलता ने इस मामले को कंपनी के आंतरिक विवाद से आगे बढ़ाकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बना दिया है। कृत्रिम मेधा (एआई) को अब राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। चीन के विदेश मंत्रालय ने जासूसी से जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए अमेरिका पर ‘तथाकथित जासूसी की कहानियां गढ़ने और उन्हें प्रौद्योगिकी नाकेबंदी का बहाना बनाने’ का आरोप लगाया है। वहीं, एनवीडिया का कहना है कि उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि कंपनी की गोपनीय जानकारियां लीक हुई हैं। हालांकि, इन आरोपों को विश्वसनीय मानने की एक वजह इतिहास में ऐसे कई उदाहरणों का मिलना है, जब आकर्षक महिला या पुरुषों के जरिये प्रभावशाली लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनका ध्यान भटकाया गया या उनकी कमजोरियों का फायदा उठाकर उनसे गोपनीय सूचनाएं हासिल की गईं। चीन के संदर्भ में यह मामला एक प्राचीन राजनीतिक रणनीति ‘मेइरन जी’ यानी ‘सुंदरी की रणनीति’ की याद दिलाता है। अमेरिका-चीन संबंधों के विशेषज्ञ के तौर पर मेरा मानना है कि हुआंग के मामले की वास्तविकता चाहे जो हो, लेकिन इस प्राचीन रणनीति के पीछे की राजनीतिक सोच आज भी प्रासंगिक है। निजी संबंधों के जरिये सूचनाएं हासिल करना, फैसलों को प्रभावित करना और विरोधियों को कमजोर करना इस रणनीति का मूल उद्देश्य रहा है। ऐसे में अमेरिका और चीन के बीच एआई तथा अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर तकनीक को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच इस तरीके के इस्तेमाल की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्राचीन चीन की ‘सुंदरी रणनीति’
‘मेइरन जी’ चीन की प्रसिद्ध सैन्य पुस्तक ‘थर्टी-सिक्स स्ट्रैटेजम्स’ (36 युद्ध रणनीतियां) में शामिल है। इस ग्रंथ की उत्पत्ति को लेकर निश्चित जानकारी नहीं है, लेकिन माना जाता है कि इसकी रणनीतियां 475 से 221 ईसा पूर्व के युद्धरत राष्ट्रों के दौर के मौखिक और लिखित ऐतिहासिक वृत्तांतों से विकसित हुईं। इस पुस्तक की 31वीं रणनीति के अनुसार, निजी संबंधों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को अपने जाल में फंसाने के लिए किया जा सकता है। इसमें शत्रु की व्यक्तिगत इच्छाओं और भावनात्मक कमजोरियों का फायदा उठाकर उसकी निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करने और उसके नेतृत्व को कमजोर करने की सलाह दी गई है। ‘थर्टी-सिक्स स्ट्रैटेजम्स’ केवल युद्ध लड़ने की रणनीतियों का संग्रह नहीं है, बल्कि अतीत के अनुभवों से निकले राजनीतिक और सैन्य सबक भी प्रस्तुत करता है। चीन में इस रणनीति से जुड़ी सबसे चर्चित कहानियों में से एक दो हजार साल से भी पुरानी है। यह चीन के इतिहास के वसंत और शरद काल से संबंधित है। पांचवीं शताब्दी ईसा पूर्व में दक्षिणी चीन के यूए प्रांत के राजा गोउजियान को उसके उत्तरी पड़ोसी वू प्रांत के राजा फुचाई ने पराजित कर दिया था। उसे आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर होना पड़ा। हालांकि, गोउजियान ने गुप्त रूप से अपनी शक्ति दोबारा जुटानी शुरू कर दी और बदला लेने की तैयारी करने लगा।
प्राचीन ऐतिहासिक ग्रंथ ‘वू यूए चुन चिउ’ के अनुसार, यूए प्रांत ने दो सुंदर महिलाओं शी शी और झेंग दान को राजा फुचाई के पास भेजा। उम्मीद थी कि वह उनके आकर्षण में उलझकर सुख-विलास में डूब जाएगा और राजकाज की जिम्मेदारियों की अनदेखी करने लगेगा। कहा जाता है कि यह योजना सफल रही। दोनों महिलाओं के आकर्षण में फुचाई इस कदर उलझा कि उसने धीरे-धीरे यूए प्रांत से मिलने वाले खतरे को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। इस बीच गोउजियान ने अपनी सैन्य शक्ति बढ़ा ली और 473 ईसा पूर्व में यूए ने वू को पराजित कर दिया। हालांकि, वू राज्य के पतन में शी शी की वास्तविक भूमिका को लेकर इतिहासकारों के बीच स्पष्टता नहीं है। वू की हार के पीछे राजनीतिक गलतियों के साथ-साथ यूए की सैन्य शक्ति का दोबारा मजबूत होना भी अहम कारण था। फिर भी, यह कहानी चीनी राजनीतिक रणनीति के एक महत्वपूर्ण विचार को रेखांकित करती है- किसी विरोधी की व्यक्तिगत कमजोरियों का फायदा उठाना कई बार उससे सीधे मुकाबला करने से ज्यादा कारगर साबित हो सकता है। इसी तरह की रणनीति चीन के 14वीं शताब्दी के प्रसिद्ध उपन्यास ‘रोमांस ऑफ द थ्री किंगडम्स’ में भी देखने को मिलती है। इसे चीनी साहित्य की कालजयी रचनाओं में गिना जाता है। इस उपन्यास में डोंग झुओ नामक एक शक्तिशाली सेनानायक का उल्लेख है, जिसका पूर्वी हान राजवंश के अंतिम दौर में शाही दरबार पर नियंत्रण था। उसे रास्ते से हटाने के लिए हान राजवंश के प्रति निष्ठावान दरबार के एक वरिष्ठ अधिकारी वांग युन ने एक चाल चली। उसने डोंग झुओ के सैन्य कमांडर से दियाओचान नाम की एक खूबसूरत युवती से उसका विवाह कराने का वादा किया। इसके बाद उसने उसी युवती को डोंग झुओ के सामने भी विवाह के प्रस्ताव के साथ पेश कर दिया। इससे दोनों के बीच ईर्ष्या और अविश्वास पैदा हो गया। अंततः वांग युन ने डोंग झुओ के अधीनस्थ को उसके खिलाफ भड़काने में सफलता हासिल की और उसने डोंग झुओ की हत्या कर दी। इसके बाद वांग युन ने कुछ समय के लिए हान सम्राट की ओर से शाही दरबार की सत्ता संभाली।
आधुनिक जासूसी की दुनिया में ‘हनी ट्रैप’
आधुनिक खुफिया अभियानों में किसी व्यक्ति से प्रेम या यौन संबंध स्थापित कर उसके करीब पहुंचने, गोपनीय जानकारियां हासिल करने या उस पर प्रभाव जमाने की रणनीति को ‘हनी ट्रैप’ कहा जाता है। यह तरीका केवल चीन तक सीमित नहीं रहा है। शीत युद्ध के दौरान पश्चिमी देशों और सोवियत संघ की खुफिया एजेंसियों ने भी जासूसी के लिए अंतरंग संबंधों का व्यापक इस्तेमाल किया था। आधुनिक चीन से जुड़े ऐसे मामले भी सामने आ चुके हैं, जिनका दस्तावेजी रिकॉर्ड मौजूद है। ऐसा ही एक मामला फ्रांस के राजनयिक बर्नार्ड बोरसिकोट और चीन के ओपेरा कलाकार शी पेई पु का है। दोनों की मुलाकात 1964 में बीजिंग में हुई थी और उनके बीच लंबे समय तक अंतरंग संबंध बने रहे। इस दौरान बोरसिकोट फ्रांस के राजनयिक दस्तावेज चीन को मुहैया कराते रहे। 1980 के दशक में फ्रांस में जासूसी का यह मामला उजागर हुआ और दोनों के खिलाफ मुकदमा चलाया गया। एक अपेक्षाकृत हालिया उदाहरण अमेरिका के पूर्व सांसद एरिक स्वालवेल और क्रिस्टीन फैंग का है। फैंग पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह जताया गया था। स्वालवेल ने 2015 में स्वीकार किया था कि फैंग के साथ कई बार उनके अंतरंग संबंध रहे थे। उस दौरान फैंग ने उनके चुनाव प्रचार अभियान के लिए धन जुटाने में मदद की थी और उनके कांग्रेस कार्यालय में एक प्रशिक्षु की नियुक्ति कराने में भी भूमिका निभाई थी।
रणनीतिक लिहाज से क्यों अहम हैं जेनसन हुआंग?
जेनसन हुआंग की स्थिति उन्हें ‘हनी ट्रैप’ जैसे किसी खुफिया अभियान का संभावित निशाना बना सकती है। उनकी कंपनी एनवीडिया अमेरिका और चीन के बीच चल रही तकनीकी प्रतिस्पर्धा के केंद्र में है। एआई का महत्व आर्थिक विकास, सैन्य क्षमताओं और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में अमेरिका ने चीन को अत्याधुनिक एआई चिप के निर्यात पर कई बार प्रतिबंध कड़े किए हैं। वाशिंगटन का मकसद चीन की कंप्यूटिंग क्षमता तक पहुंच को सीमित करके उसकी तकनीकी प्रगति की रफ्तार धीमी करना है। दूसरी ओर, चीन अपने घरेलू सेमीकंडक्टर उद्योग को विकसित करने में भारी निवेश कर रहा है। इसके बावजूद चीनी कंपनियों को एआई मॉडल तैयार करने और डेटा सेंटर बनाने के लिए अब भी अत्याधुनिक चिप की जरूरत है। बीजिंग के लिए इन चिप का महत्व केवल चीनी प्रौद्योगिकी कंपनियों तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य की सैन्य और तकनीकी प्रतिस्पर्धा में भी इनकी निर्णायक भूमिका हो सकती है। यही वजह है कि एनवीडिया की स्थिति बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है और हुआंग से जुड़े मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा के पहलू को लेकर चिंताएं बढ़ जाती हैं। हालांकि, रणनीतिक महत्व अपने आप में इस बात का सबूत नहीं है कि कोई खुफिया अभियान चलाया गया। जेनसन हुआंग का प्रभावशाली पद यह साबित नहीं करता कि उन्हें ‘हनी ट्रैप’ में फंसाने की कोशिश हुई या एलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसियों के लिए काम कर रही थीं। ये ऐसे आरोप हैं, जिनकी पूरी जांच होना अभी बाकी है।
एआई के दौर में जासूसी की बदलती रणनीति
इतना जरूर है कि आधुनिक राजनीति में भी, प्राचीन चीन के राजवंशों के बीच होने वाली प्रतिद्वंद्विता की तरह देश अपने विरोधियों के बारे में जानकारियां जुटाने, उनके अहम फैसलों को प्रभावित करने और उनकी कमजोरियों का फायदा उठाकर रणनीतिक बढ़त हासिल करने की कोशिश करते हैं। बदलाव सिर्फ इतना आया है कि अब रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण संसाधनों का स्वरूप बदल गया है। प्राचीन चीन में किसी शासक को निजी संबंधों के जरिये प्रभावित करके पूरे देश के राजनीतिक और सैन्य फैसलों को बदला जा सकता था। आज किसी बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनी के शीर्ष अधिकारी तक पहुंच बनाना संवेदनशील तकनीकों और महत्वपूर्ण सूचनाओं तक पहुंच का रास्ता खोल सकता है। दो हजार साल से भी पहले किसी शक्तिशाली प्रांत का वर्चस्व उसके शासक की व्यक्तिगत कमजोरियों के कारण खत्म हो सकता था। आज राजनीतिक और तकनीकी शक्ति का स्वरूप और उसका वितरण पहले से कहीं अधिक जटिल हो गया है। लेकिन जब तक महत्वपूर्ण फैसले लेने की जिम्मेदारी व्यक्तियों के हाथों में रहेगी, तब तक उनके निजी संबंध और व्यक्तिगत कमजोरियां विरोधियों के लिए रणनीतिक लाभ हासिल करने का जरिया बनी रह सकती हैं।


