डेस्क: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए विभिन्न अभियानों में सुरक्षा बलों ने कम से कम 74 आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सेना की मीडिया इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में बताया कि ये अभियान तीन नवंबर से बलूचिस्तान के क्वेटा जिले के कुर्रम क्षेत्र के अलावा खैबर पख्तूनख्वा के मीर अली और ओरकजई इलाकों में चलाए गए।
बयान के अनुसार, इन अभियानों के दौरान आतंकवादियों के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। मुठभेड़ों में तहरीक-ए-तालिबान के 31 आतंकवादी मारे गए और उनके पास से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी बरामद किए गए। सेना ने बताया कि अलग-अलग अभियानों में पिछले 48 घंटों के दौरान मीर अली में 35 और ओरकजई में आठ आतंकवादी मारे गए।
बयान में कहा गया कि आतंकवादी खतरों को खत्म करने और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए खैबर पख्तूनख्वा में खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का दायरा मीर अली और ओरकजई तक बढ़ाया गया है। सेना के अनुसार, मारे गए आतंकवादियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए। इनमें घर में बनाए गए विस्फोटक और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) भी शामिल हैं।


