अन्य

लखनऊ के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, 15 छात्रों की मौत, 5 घायल

लखनऊ, 22 जून। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक निजी कोचिंग सेंटर में रविवार शाम भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कम से कम 15 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य छात्र घायल हुए हैं। घायलों का इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अमिय अग्रवाल के अनुसार, कुल 21 से 22 बच्चों को अस्पताल लाया गया था। इनमें 15 बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि पांच बच्चों का उपचार जारी है। कुछ छात्रों को जान बचाने के लिए ऊंचाई से कूदना पड़ा, जिससे उन्हें कमर सहित अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

घटना के बाद प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना पर दुख जताते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में जुटा हुआ है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है और कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *