डेस्क:मुंबईकरों की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन नेटवर्क को शुक्रवार सुबह एक अजीबोगरीब लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ा। चेम्बूर स्टेशन के पास रेलवे के ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) तार पर कथित तौर पर एक कपड़ा फेंक दिए जाने के कारण तकनीकी खराबी आ गई, जिससे हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं पूरी तरह चरमरा गईं।यह घटना सुबह के उस समय (Peak Hours) हुई जब लाखों लोग अपने दफ्तरों और कॉलेजों के लिए निकलते हैं। ओएचई तार में कपड़ा फंसने की वजह से अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि कई लोकल ट्रेनें देरी से चलीं, जबकि खराबी के कारण कुछ सर्विस को कुछ समय के लिए रोक दिया गया।

