दरभंगा : बिहार में दरभंगा के जाले विधानसभा एवं आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति देते हुए बिहार कैबिनेट ने पथ निर्माण विभाग की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति दी है।
बिहार स्टेट हाईवे परियोजना (चार) के अंतर्गत राज्य उच्च पथ संख्या-97 विशनपुर-अतरबेल एनएच-57-जाले-घोघराहा चट्टी एसएच-52 पथ की लगभग 47.875 किलोमीटर लंबाई के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य हेतु 990 करोड़ तीन लाख 50 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अतिरिक्त राज्य उच्च पथ संख्या-52 (सीतामढ़ी-पुपरी-बेनीपट्टी) पथ की लगभग 51.261 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 434 करोड़ 37 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति भी मिली है।
यह जानकारी जाले विधायक एवं पूर्व मंत्री जीवेश कुमार के निजी सचिव ने एक विज्ञप्ति में दी है। इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के पूर्ण होने से जाले विधानसभा सहित पूरे मिथिला क्षेत्र में सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार एवं कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा प्राप्त होगी।
इस उपलब्धि पर विधायक जीवेश कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं तथा जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इन परियोजनाओं से जाले विधानसभा के विकास को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति को बल मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, पूर्व पथ निर्माण सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल तथा वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन एवं निरंतर सहयोग के लिए भी विशेष कृतज्ञता प्रकट की है। क्षेत्रवासियों में इस घोषणा को लेकर अत्यंत उत्साह का वातावरण है।

