खेल

डिविलियर्स के दिए चैलेंज को तोड़ेंगे वैभव सूर्यवंशी, कोच ने दिए 2 मंत्र

डेस्क: वैभव सूर्यवंशी पर एबी डीविलियर्स का दिया बयान अभी चर्चा का विषय बना हुआ है. वो बयान एक चैलेंज है 15 साल के उस वैभव के लिए, जो इस वक्त T20 क्रिकेट में बार-बार दुनिया के सामने अपना लोहा मनवा रहा है. एबी डीविलियर्स ने T20 में धमाल मचा रहे वैभव सूर्यवंशी के सामने टेस्ट क्रिकेट में अच्छा करके दिखाने का चैलेंज रखा है.
सबसे पहले तो ये जानिए कि एबी डीविलियर्स ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा क्या है? स्टुअर्ट ब्रॉड के पॉडकास्ट For The Love of Cricket में बात करते हुए डीविलियर्स ने बताया कि इस उम्र में वैभव का टैलेंट कमाल का है. लेकिन असली चुनौती T20 नहीं बल्कि टेस्ट क्रिकेट है. मैं क्रिकेट के लंबे फॉर्मेट में उन्हें देखने को बेताब हूं. टेस्ट क्रिकेट में उसे पता चलेगा कि असली चुनौती क्या होती है. उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खिलाड़ी को मानसिक और शारीरिक, दोनों ही स्तर पर परखता है.

एबी डीविलियर्स की इसी बात पर हमने वैभव सूर्यवंशी के कोच से जानना चाहा कि क्या वो उनकी बातों से इत्तेफाक रखते हैं. मनीष ओझा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि आईपीएल या T20 में धमाल मचाते दिख रहे वैभव टेस्ट क्रिकेट नहीं खेल सकते. आपने घरेलू क्रिकेट फॉलो किया होगा, तो उन्हें रेड बॉल क्रिकेट को उसके मिजाज से खेलते देखा भी होगा. बिहार के लिए घरेलू क्रिकेट में उन्होंने रेड बॉल के खिलाफ बड़ी पारियां खेली है.
कोच मनीष ओझा ने माना कि डीविलियर्स की दी टेस्ट खेलने की चुनौती पर खरे उतरने में वैभव सूर्यवंशी सक्षम है. इसके लिए उन्होंने अपने शिष्य को बस दो सलाह दिए. पहला, गेंद को छोड़ने की कला को और दुरुस्त करने की और दूसरा फिटनेस को बरकरार रखने की. मनीष ओझा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि ये दोनों खूबियां अभी उनकी बल्लेबाजी में नहीं है. घरेलू क्रिकेट में खेले रेड बॉल मैच में उन्होंने गेंद को छोड़ते हुए बड़ी पारी खेली है. लेकिन, उन्हें अपनी उस ताकत को थोड़ा और निखारना होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *