दरभंगा

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं,प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

 

 

दरभंगा, 30 सितंबर 2026 :- जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न खेल विधाओं में बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

 

खेल विभाग,बिहार, पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन हैंडबॉल,वॉलीबॉल,रगबी,कबड्डी एवं योग सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए गए।

 

जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

 

जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों में काफी उत्साह और प्रतिभा देखने को मिल रही है। जिस तरह से खिलाड़ी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी दरभंगा के खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

 

उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करते हुए अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की अपील की। हैंडबॉल के अंडर-14 बालक वर्ग में नारायणा इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब हासिल किया।

 

श्री कृष्णा आइडियल पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही।अंडर-17 बालक वर्ग में प्लस टू राजकीय जीएस हाई स्कूल कसरौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया,जबकि सेंटोबा इंटरनेशनल स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही।अंडर-19 बालक वर्ग में पश्चिम कमला बांध स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पुनहद की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया।

 

अंडर-14 बालिका वर्ग में प्लस टू यूएचएस धनौली की टीम विजेता रही जबकि आर.मेमोरियल एकेडमी की टीम उपविजेता रही। अंडर-14 बालक वर्ग में श्री कृष्णा आइडियल पब्लिक स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही।योग की व्यक्तिगत स्पर्धा के अंडर-14 बालिका वर्ग में नारायणा इंटरनेशनल स्कूल की वैष्णवी कुमारी ने प्रथम, अंशु कुमारी ने द्वितीय तथा मायरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में दरभंगा पब्लिक स्कूल की आरोही झा प्रथम, आरोही कुमारी द्वितीय तथा अर्पिता तृतीय स्थान पर रहीं।

 

अंडर-19 बालिका वर्ग में दरभंगा पब्लिक स्कूल की मेघा झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रितिक राज द्वितीय तथा नंदनी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

 

योग के अंडर-14 बालक वर्ग में मैडोना इंग्लिश स्कूल के शाश्वत ने प्रथम, सुशांत कुमार गुप्ता ने द्वितीय तथा अभिनव राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर-17 बालक वर्ग में भास्कर कुमार झा प्रथम, सुधी रंजन द्वितीय तथा नमन राज तृतीय स्थान पर रहे।

अंडर-19 बालक वर्ग में दरभंगा पब्लिक स्कूल के केशव महाराज ने प्रथम तथा प्रियांशु राज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी बालक-बालिकाओं को जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

उन्होंने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास करने तथा आगे की प्रतियोगिताओं के लिए और बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।विभिन्न खेल स्थलों पर जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद विभिन्न खेलों के मुकाबले शुरू कराए गए।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों आशीष कुमार,देवनंदन झा,राजन कुमार पासवान, निशांत कुमार, बृजेश सिंह राठौड़, राजेश कुमार, साकेत चौधरी एवं यशपाल ने अपने-अपने खेल विधाओं का सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपादन किया।

 

मंच संचालन एवं विभिन्न खेल विधाओं के परिणामों के संधारण की जिम्मेदारी अवकाश प्राप्त शारीरिक शिक्षक रविंद्र कुमार सिंह, यूएचएस अनुमंडल परिसर, बिरौल के शिक्षक केशव कुमार चौधरी,सोनू सिंह,कुमार अनुराग,निशांत कुमार,राकेश कुमार, एकलव्य प्रशिक्षक अमित कुमार एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बबलू कुमार द्वारा निभाई गई।

जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे दिन 1 अक्टूबर को नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में फुटबॉल के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का समापन 2 अक्टूबर को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *